झारखंड में कैंसर की दवाएं होंगी सस्ती, इरफान अंसारी ने मरीजों को राहत दिलाने की शुरू की पहल
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कैंसर मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने और जांच सुविधाएं मजबूत करने की पहल की है. 137 कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन 30 प्रतिशत तय होने के बाद राज्य में नई कीमतें लागू कराने के लिए SOP तैयार की जाएगी.

Ranchi:- झारखंड में कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पहल की है. कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महंगी दवाओं की कीमतों में कमी का लाभ राज्य के मरीजों तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है. केंद्र सरकार के औषधि विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत तय किया है. यह व्यवस्था 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि राज्य में नई कीमतों का सही तरीके से पालन कराया जाएगा, ताकि किसी मरीज से निर्धारित MRP से अधिक कीमत न वसूली जाए.
137 कैंसर दवाओं की कीमतों में मिलेगी राहत
केंद्र सरकार के फैसले के तहत 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित किया गया है. इससे संबंधित दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमतों में कमी आएगी. दवा के ब्रांड, स्ट्रेंथ और पैक के आधार पर कीमतों में अंतर हो सकता है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कैंसर का इलाज महंगा होने के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को काफी आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती है. कई बार इलाज जारी रखने के लिए परिवारों को अपनी जमा-पूंजी और संपत्ति तक बेचनी पड़ती है.
नई कीमतों के लिए SOP तैयार करेगा स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य मंत्री ने झारखंड में केंद्र सरकार के इस फैसले को प्रभावी तरीके से लागू कराने के लिए SOP तैयार करने की पहल की है. इसके तहत संबंधित अधिकारियों, अस्पतालों, दवा कंपनियों और दवा विक्रेताओं को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे. मंत्री का कहना है कि नई कीमतों का लाभ सीधे मरीजों तक पहुंचना चाहिए. किसी भी मरीज से निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से ज्यादा पैसे नहीं लिए जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि कैंसर के इलाज में पैसों की कमी किसी मरीज के लिए बाधा नहीं बननी चाहिए.
पहले भी केंद्र सरकार के सामने उठा चुके हैं महंगी दवाओं का मुद्दा
डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि उन्होंने कैंसर की महंगी दवाओं का मुद्दा पहले भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने झारखंड के गरीब मरीजों की आर्थिक स्थिति और इलाज में आने वाली परेशानियों से अवगत कराया था. उन्होंने कहा था कि महंगी दवाओं के कारण कई परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है. ऐसे में दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करना जरूरी है.
सभी जिलों के सदर अस्पतालों में CT Scan और PET-Scan की तैयारी
कैंसर की जांच और शुरुआती पहचान की सुविधा बढ़ाने के लिए राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में CT Scan और PET-Scan मशीनें उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है. इसके साथ ही जिला स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था मजबूत करने की योजना है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि गरीब मरीजों को जांच के लिए रांची या दूसरे बड़े शहरों का चक्कर न लगाना पड़े. जिला स्तर पर आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से बीमारी की पहचान समय पर करने में मदद मिलेगी.
महिलाओं में स्तन और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग पर जोर
स्वास्थ्य विभाग महिलाओं में स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच को बढ़ावा देने के साथ अन्य प्रकार के कैंसर की शुरुआती पहचान पर भी ध्यान दे रहा है. योजना के तहत संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ अस्पतालों से जोड़ने और जांच के बाद जल्द उपचार शुरू कराने पर जोर दिया जाएगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य के प्रत्येक नागरिक को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उनका कहना है कि दवाओं की कीमतों में राहत और जिला स्तर पर जांच सुविधाओं का विस्तार तभी सफल होगा, जब इसका लाभ जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचे.

