गिरिडीह उपचुनाव में श्वेता शर्मा के समर्थन में उतरेगी देवघर महिला मोर्चा, टिप चटर्जी ने दिया भरोसा
गिरिडीह उपचुनाव में श्वेता शर्मा के समर्थन में देवघर महिला मोर्चा पूरी ताकत के साथ प्रचार अभियान में उतरेगा. उप महापौर टिप चटर्जी और झामुमो महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम देवी ने गिरिडीह पहुंचकर श्वेता शर्मा से मुलाकात की और चुनाव में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

Deoghar: गिरिडीह उपचुनाव को लेकर झारखंड की सियासत में हलचल तेज हो गई है. चुनावी अभियान को मजबूती देने के लिए देवघर महिला मोर्चा भी सक्रिय हो गया है. देवघर नगर निगम की उप महापौर एवं झामुमो नेत्री टिप चटर्जी और झामुमो महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीलम देवी ने गिरिडीह पहुंचकर पूर्व नगर विकास मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा से मुलाकात की. इस दौरान आगामी उपचुनाव की तैयारियों और चुनाव प्रचार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. दोनों महिला नेताओं ने श्वेता शर्मा को भरोसा दिलाया कि देवघर की महिला मोर्चा कार्यकर्ता उनके समर्थन में पूरी ताकत के साथ प्रचार अभियान में उतरेंगी और चुनाव में संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगी.
चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगाएंगी देवघर की महिला कार्यकर्ता
मुलाकात के दौरान उप महापौर टिप चटर्जी ने कहा कि महिला संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और समर्पित कार्यकर्ता हैं. चुनाव के दौरान देवघर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी. वहीं, जिलाध्यक्ष नीलम देवी ने भी श्वेता शर्मा को हरसंभव संगठनात्मक सहयोग देने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि देवघर की महिला कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी और अभियान को मजबूत बनाने में योगदान देंगी. इस मुलाकात को गिरिडीह उपचुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. देवघर से महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी का भरोसा मिलने से झामुमो के अंतरजिला संगठनात्मक संपर्क और चुनावी समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

