कल होगी कायस्थों के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा, कलम-दवात की आराधना के साथ लेखनी को देंगे विराम
चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर 11 नवंबर को कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि पर कायस्थ समाज के लोग भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना करेंगे. मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त ब्रह्मा जी के शरीर से उत्पन्न हुए थे और उन्होंने 11 हजार वर्षों तक तपस्या की थी.

Deoghar: कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया के अवसर पर 11 नवंबर को कायस्थ समाज के लोग अपने आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उल्लास के साथ करेंगे. बाबानगरी देवघर सहित देशभर में चित्रांश परिवार विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त की आराधना करेंगे. पूजा को लेकर कायस्थ समाज के घरों और विभिन्न मोहल्लों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कई स्थानों पर भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा स्थापित कर सामूहिक पूजा का आयोजन होगा. वहीं, प्रत्येक कायस्थ परिवार में कलम-दवात की पूजा का विशेष महत्व रहेगा. मान्यता के अनुसार इस दिन समाज के लोग अपनी लेखनी को एक दिन का विश्राम देते हैं और भगवान चित्रगुप्त से ज्ञान, बुद्धि, विवेक तथा सुख-समृद्धि की कामना करते हैं.
ब्रह्मा की काया से प्रकट हुए थे भगवान चित्रगुप्त
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त को सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा की काया से उत्पन्न माना जाता है. पौराणिक कथाओं में वर्णन मिलता है कि सृष्टि की रचना के बाद ब्रह्मा जी ने 11 हजार वर्षों तक तपस्या और समाधि की थी. इसी दौरान उनकी काया से सांवले वर्ण के भगवान चित्रगुप्त प्रकट हुए. उन्हें देखकर ब्रह्मा जी आश्चर्यचकित रह गए. परिचय पूछने पर भगवान चित्रगुप्त ने स्वयं को उनकी तपस्या और काया से उत्पन्न बताया. इसके बाद ब्रह्मा जी ने उन्हें चित्रगुप्त नाम दिया और मनुष्यों के पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने का दायित्व सौंपा. धार्मिक विश्वास है कि भगवान चित्रगुप्त स्वर्गलोक में मनुष्यों के कर्मों का हिसाब रखते हैं. इसी कारण उन्हें न्याय, ज्ञान और लेखन का प्रतीक माना जाता है. कायस्थ समाज उन्हें अपना आदि पुरुष और आराध्य देव मानता है.
कलम-दवात की पूजा का विशेष महत्व, लेखनी को देते हैं विश्राम
कायस्थ समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा में कलम, दवात और लेखन का विशेष महत्व है. भगवान चित्रगुप्त की पूजा के दिन सुबह स्नान के बाद उनकी प्रतिमा या तस्वीर के सामने धूप, दीप, पुष्प, माला और नैवेद्य अर्पित कर पूजा की जाती है. इस दौरान कलम और दवात को भी भगवान के समक्ष रखकर उनकी आराधना की जाती है. मान्यता के अनुसार इस दिन कायस्थ परिवार के लोग अपनी लेखनी को विश्राम देते हैं और लिखने-पढ़ने से परहेज करते हैं. पूजा के दौरान सादे कागज पर मंत्र और शुभ संकल्प लिखकर ज्ञान, सद्बुद्धि एवं समृद्धि की कामना की जाती है. शाम को आरती, भजन और सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन होता है. देवघर में भी घरों से लेकर मोहल्लों तक पूजा की विशेष तैयारियां की गई हैं.

