देवघर: पुलिस बनकर ट्रक लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, इनोवा कार समेत लूटा गया ट्रक बरामद
देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस अधिकारी बनकर तार लदे ट्रक की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Deoghar: मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर तार लदे ट्रक को लूटने के मामले का देवघर पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस कांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. शुक्रवार को एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर तार लदे ट्रक को रोक लिया था. अपराधियों ने ट्रक के कागजात जांचने के बहाने चालक और खलासी को अपनी इनोवा कार में बैठा लिया. इसके बाद ट्रक मालिक से पैसों की मांग की गई और आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए. मामले में ट्रक मालिक रामेश्वर के लिखित आवेदन पर मोहनपुर थाना में कांड संख्या 178/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई.
मानिकपुर से गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी, एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई. एसआईटी ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार राय (45 वर्ष), निवासी गादी नवादा, थाना चकाई, जिला जमुई (बिहार) और कैलाशपति मिश्रा (35 वर्ष), निवासी पुरानी बाजार, थाना झाझा, जिला जमुई (बिहार) के रूप में हुई है. दोनों वर्तमान में देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर में रह रहे थे. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ट्रक संख्या DL-01LAH-4721, वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार संख्या JH-15AF-0051 और दो मोबाइल फोन बरामद किए. पूरी कार्रवाई एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में हुई. छापेमारी टीम में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, एसआई राकेश कुमार रंजन, एएसआई सुरेश कुमार रमानी, एएसआई प्रमोद कुमार समेत थाना के रिजर्व गार्ड और स्थानीय चौकीदार शामिल थे. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

