दीपावली-छठ से पहले नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की बड़ी सौगात, निगमकर्मियों का बकाया भुगतान जारी
दीपावली और छठ महापर्व से पहले देवघर नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने निगमकर्मियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है. पांच साल से अधिक समय से लंबित ग्रेच्युटी पर 20 प्रतिशत और पांच साल से कम अवधि के मामलों में 10 प्रतिशत भुगतान जारी किया गया है.

Deoghar: दीपावली और छठ महापर्व से पहले देवघर नगर निगम की नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने निगमकर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है. लंबे समय से लंबित ग्रेच्युटी, वेतन और पेंशन भुगतान की दिशा में पहल करते हुए निगम प्रशासन ने बकाया राशि जारी कर दी है. इस फैसले से स्थायी कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगियों और पेंशनभोगियों को त्योहार से पहले आर्थिक संबल मिलेगा. खासकर लंबे समय से अपनी ग्रेच्युटी की प्रतीक्षा कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इस पहल से राहत मिली है. नगर निगम प्रशासन की ओर से अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों के लंबित भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई है.
पांच साल से लंबित ग्रेच्युटी पर 20 प्रतिशत भुगतान
नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की पहल पर ग्रेच्युटी भुगतान के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं. जिन कर्मचारियों की ग्रेच्युटी पांच साल से अधिक समय से लंबित थी, उन्हें बकाया राशि का 20 प्रतिशत भुगतान किया गया है. वहीं, पांच साल से कम अवधि से लंबित मामलों में 10 प्रतिशत राशि जारी की गई है. इसके अलावा नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 तक का वेतन भुगतान कर दिया गया है. दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी अक्टूबर महीने तक का पारिश्रमिक दिया गया है. वहीं, सेवानिवृत्त पेंशनभोगियों को सितंबर 2026 तक की पेंशन जारी कर दी गई है.
कर्मचारियों का हित निगम प्रशासन की प्राथमिकता: सुलोचना मीणा
नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने कहा कि कर्मचारियों का हित और उनके वित्तीय दायित्वों का समय पर निष्पादन निगम प्रशासन की प्राथमिकता है. शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में निगमकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उनकी मेहनत और योगदान को देखते हुए त्योहारों से पहले लंबित भुगतान की दिशा में यह पहल की गई है. उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति संवेदनशील है. दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर उन्हें आर्थिक राहत पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है. निगम की इस पहल से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को त्योहार की तैयारियों में मदद मिलेगी.

