SIR पर कांग्रेस और राहुल गांधी को सुकांत मजूमदार ने घेरा, कहा- हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही पार्टी
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने SIR को लेकर कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ भ्रम फैलाकर लोकतंत्र को बदनाम कर रहा है.

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राहुल गांधी, टीएमसी, लेफ्ट और झामुमो चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव में लगातार हार के बाद कांग्रेस अब SIR को नया बहाना बना रही है. उनके मुताबिक, वर्ष 2014 से 2025 तक कांग्रेस 56 बार चुनाव हार चुकी है.
13 करोड़ नाम हटाने के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
डॉ. मजूमदार ने कहा कि देश में SIR की प्रक्रिया पहली बार नहीं, बल्कि 12वीं बार हो रही है. उन्होंने दावा किया कि इससे पहले 10 बार कांग्रेस के शासनकाल में भी यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 13 करोड़ नाम हटाने का शोर मचाया जा रहा है, लेकिन इसके पीछे के कारणों को नहीं बताया जा रहा. उनके अनुसार, इनमें करीब 2.8 करोड़ मृत मतदाता, 6.3 करोड़ दूसरे स्थानों पर जा चुके मतदाता और लगभग एक करोड़ डुप्लीकेट नाम शामिल हैं. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक नियमित प्रक्रिया है.
2029 के चुनाव को लेकर भी जताया भरोसा
राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष अब तक कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं कर पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के बजाय अराजकता फैलाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने में जुटा है. उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होकर गुजरता है. डॉ. मजूमदार ने विश्वास जताया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी जनता विपक्ष को जवाब देगी और भाजपा के नेतृत्व में फिर सरकार बनेगी. प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रतुल शाहदेव और योगेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे.

