आदिवासी नेत्री निशा भगत की हालत गंभीर, आत्महत्या की कोशिश से पहले थाना प्रभारी को किया फोन
झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत ने आत्महत्या करने की कोशिश की है. घटना से पहले उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया और लाइव वीडियो में अपनी परेशानी जाहिर की. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

Ranchi: आदिवासी नेत्री निशा भगत ने आत्महत्या करने का प्रयास किया है. घटना के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया था. इस दौरान उन्होंने लाइव वीडियो भी बनाया, जिसमें वह काफी भावुक और परेशान नजर आईं. वीडियो में उन्होंने कहा कि उनके साथ कोई नहीं है और वह लंबे समय से अकेले संघर्ष कर रही हैं. उन्होंने अपने माता-पिता को होने वाले दुख का भी जिक्र किया.
लाइव वीडियो में निशा भगत ने खुद को दलाल बताए जाने पर नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. साथ ही उन्होंने कहा कि आरएसएस और बीजेपी के लोग भी उनके साथ खड़े नहीं हैं. वीडियो में वह अपने साथ हुई कथित घटनाओं और मानसिक परेशानी को लेकर अपनी पीड़ा जाहिर करती सुनाई दे रही हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति और इस घटना के पीछे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

