टोंटो-गोइलकेरा मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने एक माओवादी को मार गिराया, 1 करोड़ इनामी मिसिर बेसरा की तलाश तेज
पश्चिम सिंहभूम के टोंटो-गोइलकेरा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया. कोबरा 209 बटालियन ने कार्रवाई की. 1 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा की तलाश में इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है.

पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई. इस कार्रवाई में कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया है. मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है, जबकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका के चलते पूरा क्षेत्र घेराबंदी में रखा गया है. घटनास्थल से हथियार और संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है. सुरक्षा एजेंसियों का फोकस इस समय एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा पर है, जिसकी तलाश लगातार तेज की जा रही है. घने जंगल और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच अभियान को बेहद सावधानी से आगे बढ़ाया जा रहा है.
खुफिया इनपुट पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
सूचना मिली थी कि टोंटो-गोइलकेरा के जंगलों में इनामी नक्सली मिसिर बेसरा का दस्ता सक्रिय है. इसके बाद सुरक्षाबलों ने रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया. दो दिनों से लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था.
मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग
सर्च अभियान के दौरान जब सुरक्षाबल घने जंगलों में पहुंचे तो नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में कोबरा 209 बटालियन ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की, जिसमें एक माओवादी ढेर हो गया. मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई है.
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज, अतिरिक्त बल तैनात
मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. जंगल के अंदर सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस अभियान में आगे और भी महत्वपूर्ण सफलता मिल सकती है, जबकि मिसिर बेसरा की तलाश पर विशेष फोकस रखा गया है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment