हवाई किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा भावुक पत्र
31 हजार का हवाई टिकट देख रोने लगी महिला, पति की आखिरी इच्छा पूरी कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने PM मोदी को लिखा भावुक पत्र

Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखा है... उन्होंने हवाई टिकटों की मनमानी कीमतों पर नियंत्रण लगाने और आम लोगों के लिए ठोस किराया नीति बनाने की मांग की है... मंत्री ने अपने पत्र में एयरपोर्ट पर हुई एक ऐसी घटना का जिक्र किया है, जिसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया... रांची से दिल्ली का हवाई किराया करीब 31 हजार रुपये देखकर एक महिला रोने लगी थी... महिला के पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनकी अंतिम इच्छा थी कि वह मरने से पहले एक बार अपनी पत्नी को देख लें... लेकिन, महंगे हवाई टिकट के कारण पत्नी अपने पति तक पहुंच पाने में असमर्थ थी... इस घटना का जिक्र करते हुए इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि हवाई किराए पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं.
31 हजार का टिकट, पत्नी की आंखों में आंसू
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक रांची से दिल्ली जाना पड़ा... जब उन्होंने रांची से दिल्ली का हवाई किराया देखा, तो वह करीब 31 हजार रुपये था... उनका यात्रा खर्च तो झारखंड सरकार वहन कर रही थी, लेकिन इसी दौरान एयरपोर्ट पर उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो टिकट का किराया देखकर रो रही थी. मंत्री के मुताबिक, पूछताछ करने पर पता चला कि महिला के पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं... उनकी हालत बेहद नाजुक थी और उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि एक बार अपनी पत्नी को देख लें... लेकिन, हवाई टिकट की महंगी कीमत महिला के लिए सबसे बड़ी बाधा बन गई थी... वह अपने पति से मिलने के लिए बेचैन थी, लेकिन उसके पास टिकट खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे.
मंत्री ने कराई टिकट की व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में बताया कि महिला की बेबसी देखकर वह खुद को रोक नहीं पाए... उन्होंने अपनी ओर से हरसंभव मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से महिला के हवाई टिकट की व्यवस्था कराई, ताकि वह अपने पति के पास पहुंच सके... इस घटना के बाद मंत्री ने सवाल उठाया कि क्या किसी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए भी इतनी मुश्किलों से गुजरना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि बीमारी, दुर्घटना और पारिवारिक आपातकाल जैसी परिस्थितियों में लोगों को अचानक यात्रा करनी पड़ती है... ऐसे समय में एयरलाइंस कंपनियों के आसमान छूते किराए आम लोगों की मजबूरी को और बढ़ा देते हैं... हर एयरपोर्ट पर कोई इरफान अंसारी मौजूद नहीं होगा, जो जरूरतमंद की मदद कर सके.
प्रधानमंत्री से हवाई किराए पर नियंत्रण की मांग
डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नागरिक उड्डयन मंत्री को तत्काल निर्देश देने और हवाई किराए को लेकर ठोस नियमावली बनाने की मांग की है... उन्होंने पत्र में चार प्रमुख सुझाव रखे हैं... पहला, हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए... दूसरा, एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण लगाया जाए... तीसरा, आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो और चौथा, किराया निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो.
'राजनीति अपनी जगह, इंसानियत सबसे ऊपर'
अपने पत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने राजनीतिक विचारधारा का भी जिक्र किया है... उन्होंने लिखा कि वह कांग्रेस पार्टी के मंत्री हैं और संभव है कि राजनीतिक विचारधारा के कारण उनकी बात को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाए, लेकिन प्रधानमंत्री से उनकी अपील किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान और जनसेवक के तौर पर है... इरफान अंसारी ने लिखा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए... देश में अमीरों के लिए हवाई सफर आसान है, लेकिन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानी कौन समझेगा, जिनकी पूरी जमा-पूंजी एक हवाई टिकट खरीदने में खत्म हो जाती है... उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि इस पत्र को राजनीतिक नजरिए से नहीं, बल्कि उस महिला के आंसुओं और उसकी बेबसी को महसूस करते हुए पढ़ा जाए... साथ ही ऐसी नीति बनाई जाए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को अपनों से आखिरी बार मिलने के लिए महंगे हवाई टिकट के सामने बेबस ना होना पड़े.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंCM हेमंत सोरेन से मिले लॉन बॉल्स के विजेता खिलाड़ी, भारत की जीत पर दी बधाई
झारखंड में बदलेगा मौसम, सुबह कोहरा और रात में बढ़ेगी ठंड; जानें रांची समेत 24 जिलों का हाल
Gold-Silver Price Today: रांची में सोना-चांदी का भाव, जानें 22 और 24 कैरेट गोल्ड की कीमत

नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, रांची-पटना समेत कई शहरों में महसूस हुए झटके

Shikaripara Violence: शिकारीपाड़ा हिंसा में घायल GM का बड़ा खुलासा, ‘पत्थर-लाठी से पीटा, पानी में भी धकेला’; घायलों से मिलने पहुंचे DIG अंबर लकड़ा

Hazaribagh Encounter: हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़, दो अपराधियों को लगी गोली, दो फरार


