मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के घर पहुंचा बेटी तृषा का पार्थिव शरीर, गम में डूबा पूरा परिवार, मंत्री आवास पर नेताओं का जुटना जारी
“मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद रांची स्थित आवास पहुंचा. परिवार के अंतिम दर्शन के लिए कई नेता और शुभचिंतक मंत्री आवास पहुंच रहे हैं. तृषा का अंतिम संस्कार रांची में किया जाएगा.”

Ranchi:- रांची में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर गुरुवार को गमगीन माहौल है. जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया है. पार्थिव शरीर को मंत्री के रांची स्थित आवास पर रखा गया है. दीपिका पांडेय सिंह भी महगामा से रांची पहुंच चुकी हैं और अपने आवास पर परिवार के साथ मौजूद हैं. तृषा सिंह के निधन की खबर के बाद मंत्री आवास पर नेताओं, करीबियों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. कांग्रेस और झारखंड की राजनीति के कई प्रमुख चेहरे परिवार से मिलने और संवेदना जताने पहुंचे हैं. आवास के बाहर लोगों की आवाजाही बनी हुई है, जबकि अंदर का माहौल बेहद शांत और शोकाकुल है.
मंत्री आवास पहुंचे कई बड़े नेता
मंत्री आवास पर इरफान अंसारी, विधायक अनूप सिंह, राजेश कच्छ समेत कई नेता पहुंचे हैं. झरिया की पूर्व विधायक रागिनी सिंह, जेएमएम नेता सुप्रियो भट्टाचार्य और केशव महतो कमलेश ने भी पहुंचकर परिवार से मुलाकात की. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू भी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे और परिवार से मिलकर संवेदना जताई. इसके अलावा कई मंत्री, विधायक और अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता भी लगातार पहुंच रहे हैं. तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची में ही किया जाएगा.



