देवघर में ‘Sunday on Cycle’ रैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकले बच्चे और युवा
देवघर में रविवार सुबह आयोजित Sunday on Cycle रैली में बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की.

Deoghar:- युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के लिए रविवार की सुबह देवघर में ‘Sunday on Cycle’ रैली निकाली गई. मेरा युवा भारत देवघर की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. साइकिल रैली के जरिए प्रतिभागियों ने नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. रैली की शुरुआत बरमसिया स्थित अंबेडकर चौक से हुई और इंडोर स्टेडियम पहुंचकर इसका समापन हुआ.
अंबेडकर चौक से इंडोर स्टेडियम तक निकली रैली
रविवार सुबह करीब 7:30 बजे जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा ने अंबेडकर चौक से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया. यहां से साइकिल सवार सत्संग गेट होते हुए वीआइपी चौक पहुंचे और फिर इंडोर स्टेडियम तक गए. पूरे रास्ते बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर लोगों को फिट रहने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया.
बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
रैली में डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय, ब्राइट कैरियर स्कूल और आरएल श्रॉफ के बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय संचालन समिति के अध्यक्ष कन्हैया राम, कृषि विज्ञान केंद्र सुजानी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रंजन ओझा, योग गुरु एसके ठाकुर, ब्राइट कैरियर स्कूल के निदेशक अवधेश सिंह और फूलकु सेवा संस्थान के सचिव दयानंद पांडेय मौजूद रहे. सभी प्रतिभागियों को मेरा युवा भारत की ओर से टी-शर्ट, टोपी और अल्पाहार उपलब्ध कराया गया.
नियमित साइकिल चलाने से बेहतर रहेगी सेहत : आशीष झा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आशीष झा ने कहा कि ‘Sunday on Cycle’ जैसे आयोजन युवाओं को खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने का अच्छा माध्यम हैं. नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ती है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में साइकिल चलाने और व्यायाम को जगह दें. वहीं, ब्राइट कैरियर स्कूल के निदेशक अवधेश सिंह ने कहा कि साइकिल चलाना सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है. ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित होती है.
स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में निभाई भूमिका
कार्यक्रम के दौरान उदय कुमार सिंह और तखन झा भी उपस्थित रहे. रैली के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत देवघर के स्वयंसेवक युवराज सिंह, सुहासिनी, नमिता, रोहित, प्रीति और गुलशन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. इस आयोजन के जरिए मेरा युवा भारत देवघर ने युवाओं को नियमित व्यायाम, फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. साथ ही साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
अभिषेक भारती की रिहाई की मांग को लेकर रांची में पत्रकारों का प्रदर्शन, अल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे सैकड़ों पत्रकार

देवघर में सुदेश महतो के स्वागत में जुटे हजारों आजसू कार्यकर्ता, कुंडा मोड़ पर गूंजे नारे
कराटे सीख रहीं बच्चियों का हौसला बढ़ाने पहुंचीं नगर आयुक्त, बोलीं- आत्मरक्षा के साथ बढ़ेगा आत्मविश्वास

झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, स्वच्छता अभियान में दिखाई भागीदारी

स्वच्छता ही सेवा क्रिकेट लीग का आगाज, चार टीमों के बीच होगा मुकाबला

फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे साइबर ठगी, देवघर में तीन शातिर गिरफ्तार


