अभिषेक भारती की रिहाई की मांग को लेकर रांची में पत्रकारों का प्रदर्शन, अल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे सैकड़ों पत्रकार
अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर पत्रकारों ने प्रदर्शन किया. उनके पिता संपूर्णानंद भारती भी बेटे की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए.

Ranchi :- पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और पुलिस कस्टडी में उनके साथ कथित प्रताड़ना के विरोध में राजधानी रांची में पत्रकारों का आक्रोश सामने आया. रविवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर सैकड़ों पत्रकारों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अभिषेक भारती की अविलंब रिहाई की मांग की . प्रदर्शन में वरिष्ठ पत्रकारों, रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया. हाथों में विरोध के संदेश और जुबां पर रिहाई के नारे लेकर पहुंचे पत्रकारों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
पत्रकारों ने गिरफ्तारी और कथित प्रताड़ना पर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जाहिर की. उनका कहना था कि पुलिस कस्टडी में उनके साथ कथित प्रताड़ना के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. पत्रकारों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता से जुड़े सवालों के तौर पर उठाया. रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभुनाथ चौधरी समेत वरिष्ठ पत्रकारों ने प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी बातें रखी.
बेटे की रिहाई की उम्मीद लेकर प्रदर्शन में पहुंचे पिता
इस प्रदर्शन की सबसे भावुक तस्वीर अभिषेक भारती के पिता संपूर्णानंद भारती की मौजूदगी रही. बेटे की गिरफ्तारी के बाद उनकी चिंता और न्याय की उम्मीद प्रदर्शन के दौरान साफ नजर आई. वह पत्रकारों के साथ खड़े होकर अपने बेटे की रिहाई की मांग करते दिखे. उनके लिए यह सिर्फ एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि बेटे को न्याय दिलाने की लड़ाई है. पिता की मौजूदगी ने प्रदर्शन को भावनात्मक पक्ष भी दिया.
निष्पक्ष जांच और अविलंब रिहाई की मांग
अल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई केवल अभिषेक भारती की रिहाई तक सीमित नहीं है. वे पुलिस कस्टडी में उनके साथ हुई कथित प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच भी चाहते हैं. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी भी पत्रकार के साथ इस तरह की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए.
रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने भी इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की. प्रदर्शन में बिपिन उपाध्याय और पत्रकार आरती सिंह ने भी अपनी बात रखी. पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए संकेत दिया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है.
रिहाई तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
प्रदर्शन के अंत में पत्रकारों ने अभिषेक भारती की रिहाई तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया. उनका कहना था कि पत्रकारों की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा. अल्बर्ट एक्का चौक पर हुए इस प्रदर्शन ने राजधानी में पत्रकारों की एकजुटता और मामले को लेकर उनके आक्रोश को सामने ला दिया







