झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, स्वच्छता अभियान में दिखाई भागीदारी
देवघर नगर निगम के स्वच्छता महाकुंभ के दूसरे चरण में स्कूली बच्चे झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे. प्रतियोगिता में 12 विद्यालय हिस्सा ले रहे हैं. पांच चरणों में होने वाली प्रतियोगिता का विजेता स्कूल देवघर का पहला स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बनेगा.

Deoghar :- शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम में अब स्कूली बच्चे भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. देवघर नगर निगम की ओर से आयोजित ‘स्वच्छता महाकुंभ’ के तहत मंगलवार को विशेष स्वच्छता प्रतियोगिता के दूसरे चरण की शुरुआत संत फ्रांसिस स्कूल से हुई. महापौर रवि कुमार राउत और नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया. इसके बाद स्कूल के चयनित 20 विद्यार्थी हाथों में झाड़ू और तसला लेकर सार्वजनिक स्थलों और सड़क किनारे सफाई करने निकले. विद्यार्थियों ने दस्ताने और मास्क पहनकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया. उन्होंने सड़क किनारे फैले कचरे, पॉलीथिन और गंदगी को एकत्र किया और नगर निगम के वाहनों तथा कूड़ेदानों तक पहुंचाया. सफाई के बाद संबंधित स्थानों पर चूने का छिड़काव भी किया गया. इस दौरान बच्चों ने ‘स्वच्छता ही सेवा है, स्वच्छ देवघर-स्वस्थ देवघर’ का संदेश देते हुए लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया.
बच्चों ने शहरवासियों से की स्वच्छता अपनाने की अपील
अभियान में शामिल विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखा. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की सफाई में भाग लेना उनके लिए नया और उपयोगी अनुभव है. बच्चों ने शहरवासियों से अपील की कि जिस तरह उन्होंने मिलकर शहर के एक हिस्से को साफ किया है, उसी तरह हर नागरिक अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए. विद्यार्थियों ने कचरे के सही प्रबंधन पर भी जोर दिया. उन्होंने लोगों से गीले, सूखे और चिकित्सकीय कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की, ताकि उसका सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके. बच्चों का कहना था कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है.
बच्चों और युवाओं की पहल सराहनीय : महापौर
कार्यक्रम के दौरान महापौर रवि कुमार राउत ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर देवघर के निर्माण में स्कूली बच्चों और युवाओं की भागीदारी सराहनीय है. शहर को स्थायी रूप से स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय सहयोग जरूरी है. बच्चों की इस पहल से समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा. वहीं, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने कहा कि ‘स्वच्छता महाकुंभ’ का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को लोगों की दैनिक आदत का हिस्सा बनाना है. उन्होंने शहरवासियों से घरों में ही गीले, सूखे और चिकित्सकीय कचरे को अलग-अलग रखने और नगर निगम को सौंपने की अपील की. उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है.
12 विद्यालय ले रहे हिस्सा, पांच चरणों में होगी प्रतियोगिता
देवघर नगर निगम की इस विशेष प्रतियोगिता में शहर के कुल 12 प्रतिष्ठित विद्यालय हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता के पहले चरण में सभी विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई थी. इसके आधार पर प्रत्येक विद्यालय से 20 उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन किया गया. दूसरे चरण में इन विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान के जरिए सीधे सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है. प्रतियोगिता कुल पांच चरणों में आयोजित की जाएगी. इसमें पहला चरण प्रश्नोत्तरी, दूसरा स्वच्छता अभियान, तीसरा वेस्ट टू वंडर, चौथा स्वच्छता पर वीडियो निर्माण और पांचवां वाद-विवाद प्रतियोगिता का होगा. सभी चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालय को देवघर का पहला ‘स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर’ बनने का अवसर मिलेगा.
जनभागीदारी से स्वच्छ देवघर बनाने की पहल
नगर निगम की ओर से आयोजित इस अभियान के जरिए बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें व्यवहारिक रूप से भी इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में विद्यार्थियों को सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का अवसर मिलेगा. कार्यक्रम में नगर निगम के नगर मिशन प्रबंधक विशाल सिंह, स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक प्रेम राज सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
देवघर में सुदेश महतो के स्वागत में जुटे हजारों आजसू कार्यकर्ता, कुंडा मोड़ पर गूंजे नारे

कराटे सीख रहीं बच्चियों का हौसला बढ़ाने पहुंचीं नगर आयुक्त, बोलीं- आत्मरक्षा के साथ बढ़ेगा आत्मविश्वास
स्वच्छता ही सेवा क्रिकेट लीग का आगाज, चार टीमों के बीच होगा मुकाबला

फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे साइबर ठगी, देवघर में तीन शातिर गिरफ्तार

संताल परगना का पहला डेंटल कॉन्फ्रेंस देवघर में शुरू, आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन

रांची में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग


