पश्चिम एशिया में सीजफायर से शेयर बाजार में तेजी, इंडिगो 11% उछला, स्पाइसजेट अपर सर्किट
“पश्चिम एशिया में हालिया सीजफायर की खबरों से भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिली. इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर बीएसई पर शुरुआती कारोबार में 11% उछलकर 4,737.40 रुपये पर पहुंच गए. ”

New Delhi: पश्चिम एशिया में हालिया सीजफायर की खबरों से भारतीय शेयर बाजार में आज जोरदार तेजी देखने को मिली. इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर बीएसई पर शुरुआती कारोबार में 11% उछलकर 4,737.40 रुपये पर पहुंच गए. पिछले सत्र में यह शेयर 4,268.35 रुपये पर बंद हुआ था और आज सुबह 4,639.70 रुपये पर खुला. इस तेजी का मुख्य कारण पश्चिम एशिया में शांति के संकेत और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट को माना जा रहा है.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और एयरलाइन कंपनियों को फायदा
पश्चिम एशिया में सीजफायर से कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट आई है. मार्च में ईरान और अमेरिका/इज़राइल के बीच शुरू हुए संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच गई थीं. यह यूक्रेन युद्ध के बाद सबसे बड़ी मासिक छलांग थी. लेकिन सीजफायर के बाद ब्रेंट क्रूड 14.07% गिरकर 93.90 डॉलर पर ट्रेड कर रहा है.
तेल की कीमत में यह गिरावट एयरलाइन कंपनियों के लिए राहत का कारण बनी है. एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) एयरलाइन ऑपरेटिंग कॉस्ट में बड़ी हिस्सेदारी रखता है. एटीएफ की कीमत में गिरावट से एयरलाइन कंपनियों के मार्जिन में सुधार होगा और ऑपरेशन की लागत कम होगी. इसके अलावा पश्चिम एशिया में शांति होने से विमानों को लंबा रूट नहीं अपनाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन की बचत होगी.
स्पाइसजेट को भी फायदा, शेयर अपर सर्किट
तेल की गिरावट और एयर ट्रैफिक सामान्य होने की संभावना के चलते स्पाइसजेट का शेयर भी 5% से अपर सर्किट को हिट कर गया. ईरान युद्ध के कारण कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर रखा था, जिससे विमान लंबा रूट लेने को मजबूर थे. अब सामान्य स्थिति बहाल होने से एयरलाइंस को परिचालन में लाभ होगा.
जैफरीज का टारगेट प्राइस
जैफरीज ने इंडिगो के शेयर पर अपनी बाय रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन टारगेट प्राइस 6,140 रुपये से घटाकर 5,500 रुपये कर दिया है. विशेषज्ञों के अनुसार, लंबी अवधि में इंडिगो को लाभ होगा क्योंकि एयरलाइंस के ऑपरेटिंग मार्जिन पर तेल की कीमत का बड़ा प्रभाव पड़ता है.


