चतरा में SSB जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच जारी
झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित शिला ओपी पिकेट में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है.

Chatra: झारखंड के चतरा जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित शिला ओपी पिकेट में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. मृतक जवान की पहचान प्रह्लाद कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवघर जिले के महतोडीह गांव के रहने वाले थे. जानकारी के मुताबिक, प्रह्लाद सिंह एसएसबी की 35वीं बटालियन में तैनात थे. यह खौफनाक घटना बीते रात की है. रात के सन्नाटे में अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में तैनात अन्य जवान मौके की तरफ दौड़े. जब वे वहां पहुंचे, तो देखा कि प्रह्लाद खून से लथपथ पड़े थे. उन्होंने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी.
अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी महकमे में हड़कंप मच गया. चतरा के एसपी (SP) और एसएसबी 35वीं बटालियन के कमांडेंट आनन-फानन में शिला पिकेट पहुंचे. अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और प्रह्लाद सिंह के साथी जवानों से पूछताछ की. समाचार लिखे जाने तक आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
कुछ घंटे पहले ही परिवार से हुई थी बात
इस घटना ने जवान के परिवार और उनके साथियों को गहरे सदमे में डाल दिया है. परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले तक प्रह्लाद पूरी तरह सामान्य थे. उनके छोटे भाई रोहित कुमार ने बताया कि शाम में ही प्रह्लाद से उनकी फोन पर बात हुई थी और तब उन्होंने बताया था कि वह क्रिकेट खेलने जा रहे हैं. सुबह उन्होंने अपने बच्चों से भी खुशी-खुशी बात की थी. ऐसे में अचानक खुदकुशी जैसा खौफनाक कदम उठाना परिवार के लिए हैरान करने वाला है और हर कोई स्तब्ध है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts



Leave a comment