देवघर में अब मनमाने बस पड़ाव पर लगेगी रोक, सभी बसें अंतरराज्यीय बस अड्डे से ही चलेंगी
शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए देवघर प्रशासन ने सख्ती की है. चकाई मोड़, कुंडा मोड़, अपर बिलासी और भुरभुरा मोड़ समेत कई जगहों पर बस खड़ी करने पर प्रतिबंध रहेगा.

Deoghar :- शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने अनधिकृत बस पड़ावों पर रोक लगाने का फैसला किया है. अब देवघर शहरी क्षेत्र में सभी बसों का ठहराव और परिचालन निर्धारित अंतरराज्यीय बस अड्डे से ही करना अनिवार्य होगा. शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर बस खड़ी कर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की अनुमति नहीं होगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों और चालकों से जुर्माना वसूला जाएगा. इस संबंध में नगर आयुक्त सुलोचना मीणा की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में बैठक हुई. इसमें अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, यातायात थाना प्रभारी सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में अनधिकृत रूप से बसों के ठहराव से पैदा हो रही यातायात समस्याओं पर चर्चा की गई.
इन स्थानों पर बस खड़ी करने पर प्रतिबंध
बैठक में चकाई मोड़, बीआईटी मेसरा, कुंडा मोड़, अपर बिलासी और भुरभुरा मोड़ सहित शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर बसों के अनधिकृत पड़ाव को लेकर चिंता जताई गई. नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अब इन स्थानों पर बस खड़ी कर यात्रियों को चढ़ाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी. सभी बसों को निर्धारित अंतरराज्यीय बस अड्डे से ही संचालित करना होगा.
नियम तोड़ने पर 2400 से 3000 रुपये तक जुर्माना
बैठक में तय किया गया कि निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करने पर गैर वातानुकूलित बस से 2400 रुपये और वातानुकूलित बस से 3000 रुपये प्रति बस जुर्माना वसूला जाएगा. बार-बार नियम तोड़ने वाले बस संचालकों के खिलाफ पुलिस और संबंधित विभागों के समन्वय से आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
प्रतिबंधित स्थानों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को चिह्नित स्थानों पर नियमित जांच और निगरानी अभियान चलाने का निर्देश दिया. इन जगहों पर नगर निगम की ओर से चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर बस खड़ी करने को प्रतिबंधित और दंडनीय बताया जाएगा. इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से भी बस संचालकों और आम लोगों को नए निर्देशों की जानकारी दी जाएगी.
नगर निगम, परिवहन विभाग और पुलिस करेंगे निगरानी
नई व्यवस्था को लागू कराने के लिए नगर निगम, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी करेंगे. बस संचालकों और चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित अंतरराज्यीय बस अड्डे के अलावा किसी अन्य स्थान पर बस खड़ी कर यात्रियों को न चढ़ाएं और न उतारें. प्रशासन का मानना है कि अनधिकृत बस पड़ावों पर रोक लगने से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा. इससे आम लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ आवागमन भी अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
कचरे की छंटाई से ही स्वच्छ बनेगा देवघर, नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान

रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर चिंता, सरकारी भवनों पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा होल्डिंग टैक्स बकाया
चतरा में बालू सिंडिकेट मामले में छापेमारी, तीन ठेकेदारों के ठिकानों पर EOU की कार्रवाई

बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे ईशान किशन, कहा- जब कुछ बड़ा करना होता है तो बाबा का आशीर्वाद लेने आता हूं

वैद्यनाथ फिजिकल एकेडमी की पहल पर देवघर में दौड़ प्रतियोगिता, मेयर रवि कुमार राउत और पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने बढ़ाया उत्साह

गिरधारी मंडल के निधन से सारवां में शोक की लहर, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख ने दी श्रद्धांजलि


