रूस में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी, जमशेदपुर पहुंचे
रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के 29 वर्षीय मनीष साहू सुरक्षित भारत लौट आए हैं. भारतीय दूतावास और झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के समन्वय से उनकी वापसी संभव हुई. 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद 27 नवंबर को वह जमशेदपुर स्थित अपने घर पहुंच गए.

Ranchi/Jamshedpur: रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के युवक मनीष साहू की सुरक्षित भारत वापसी हो गई है. झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने उनकी स्वदेश वापसी की पुष्टि की है. 29 वर्षीय मनीष साहू 26 नवंबर 2026 को दिल्ली पहुंचे और 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम पहुंच गए. जानकारी के अनुसार, मनीष 6 अक्टूबर 2026 को पर्यटक के रूप में रूस गए थे और येकातेरिनबर्ग में रह रहे थे. 27 अक्टूबर के बाद परिवार से उनका संपर्क टूट गया, जिसके बाद उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी स्थिति का पता लगाने और सुरक्षित वापसी के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क शुरू किया.
मां की शिकायत के बाद प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने शुरू की पहल
परिवार से संपर्क टूटने के बाद मनीष की मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद मांगी. इसके बाद मनीष ने भी विभाग को जानकारी दी कि उन्हें रूस की स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लिया था. उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव बनाए जाने की शिकायत की. विभाग ने स्पष्ट किया कि ये आरोप मनीष की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित हैं और स्वतंत्र रूप से इनका सत्यापन नहीं किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 अक्टूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची और भारतीय दूतावास, मॉस्को समेत संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर कांसुलर और कानूनी सहायता मांगी गई. 2 नवंबर को भारतीय दूतावास ने मामले को भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के अधिकार क्षेत्र में बताते हुए वहां अग्रसारित कर दिया.
भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हिरासत केंद्र में की मुलाकात
3 नवंबर 2026 को भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के अधिकारियों ने मनीष साहू से विदेशी नागरिकों के अस्थायी हिरासत केंद्र में मुलाकात की. यह केंद्र येकातेरिनबर्ग में स्थित था. मुलाकात के दौरान मनीष की शारीरिक स्थिति सामान्य और संतोषजनक पाई गई. उन्होंने भी अपने स्वास्थ्य को ठीक बताया. हिरासत केंद्र के प्रमुख के आदेश के अनुसार, मनीष को प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए 4,000 रूबल का जुर्माना लगाया गया था. साथ ही रूस से अनिवार्य निष्कासन का आदेश जारी किया गया था. बाद में 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ ने मामले की समीक्षा की. इसके बाद 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से प्रस्थान करने की अनुमति मिली. मनीष ने तदनुसार ताशकंद होते हुए दिल्ली लौटने के लिए हवाई टिकट बुक किया.
ताशकंद के रास्ते दिल्ली पहुंचे, 27 नवंबर को जमशेदपुर लौटे
भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से मनीष साहू 25 नवंबर 2026 को ताशकंद के रास्ते रूस से रवाना हुए. 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर की यात्रा की और 27 नवंबर को सुरक्षित घर पहुंच गए. राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मनीष की वापसी में सहयोग करने वाले भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया है. विभाग ने कहा कि विदेश में फंसे झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और समय पर सहायता उसकी प्राथमिकता है. रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन करने की अपील की गई है. साथ ही पासपोर्ट जब्ती, अवैध भर्ती और वीजा नियमों के उल्लंघन से बचने तथा भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंमधुपुर स्टेशन पर आरपीएफ का सुरक्षा पहरा सख्त, खोजी कुत्तों ने खंगाला चप्पा-चप्पा
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने पर 5 हजार जुर्माना, 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
देवघर में बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय अभियान शुरू, जागरूकता रथ को डीसी ने किया रवाना

देवघर में अब मनमाने बस पड़ाव पर लगेगी रोक, सभी बसें अंतरराज्यीय बस अड्डे से ही चलेंगी

कचरे की छंटाई से ही स्वच्छ बनेगा देवघर, नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान

रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति पर चिंता, सरकारी भवनों पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा होल्डिंग टैक्स बकाया


