झारखंड विधानसभा में राशन कमीशन से बिजली बहाली तक हंगामा, इरफान-अमित में नोकझोंक, नियुक्ति और जल योजना पर बड़े ऐलान
झारखंड विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन सदन के अंदर कई अहम मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिली. राशन डीलरों के कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक हुई, जहां विधायक अमित कुमार यादव और खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी आमने-सामने आ गए.


Ranchi: झारखंड विधानसभा बजट सत्र के अंतिम दिन सदन के अंदर कई अहम मुद्दों पर जोरदार बहस देखने को मिली. राशन डीलरों के कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक हुई, जहां विधायक अमित कुमार यादव और खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी आमने-सामने आ गए. वहीं बिजली विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों को लेकर भी सवाल उठे, जिस पर सरकार ने जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया. जल संसाधन विभाग ने भी एक बड़ा ऐलान करते हुए छोटे तालाबों के जीर्णोद्धार को लेकर नई योजना लाने की बात कही. इसके अलावा धान क्रय के मुद्दे पर भी सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी हुई. कुल मिलाकर आज का दिन सदन में सवाल-जवाब, आरोप-प्रत्यारोप और घोषणाओं के नाम रहा, जिसमें सरकार ने कई मोर्चों पर अपनी स्थिति साफ की और आने वाले समय के लिए योजनाओं के संकेत दिए.
राशन डीलरों के कमीशन पर इरफान-अमित में तीखी बहस
झारखंड विधानसभा में राशन डीलरों के कमीशन का मुद्दा गरमाया रहा. विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि टीडीएस के तहत मिलने वाला कमीशन बेहद कम है, जिससे डीलरों को आर्थिक परेशानी हो रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब डीलर दो किलो तक अनाज कम दे देते हैं तो उसे गलत नहीं माना जाता, ऐसे में सरकार को उनका कमीशन बढ़ाना चाहिए. इस पर जवाब देते हुए खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि डीलरों को प्रति यूनिट करीब डेढ़ रुपये का कमीशन दिया जा रहा है. हालांकि मंत्री इस दौरान नाराज भी दिखे और उन्होंने कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करना ठीक नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार डीलरों के हितों को लेकर गंभीर है.
बिजली विभाग में जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
बिजली व्यवस्था को लेकर भी सदन में सवाल उठे. विधायक जयराम महतो ने कहा कि विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली हैं, जिससे काम प्रभावित हो रहा है और बिजली आपूर्ति पर असर पड़ रहा है. इस पर ऊर्जा मंत्री योगेंद्र महतो ने जवाब देते हुए कहा कि नियुक्ति के लिए नियमावली तैयार कर ली गई है और जल्द ही रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इससे विभाग की कार्यक्षमता में सुधार होगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी.
ढाई एकड़ के तालाबों का भी होगा जीर्णोद्धार
जल संसाधन विभाग की ओर से सदन में एक अहम घोषणा की गई. चंदवा स्थित जगराहा डैम की स्थिति को लेकर चर्चा के दौरान विधायक सरयू राय ने डैम में गाद, प्लास्टिक और जलकुंभी की समस्या उठाई और इसके सुधार की मांग की. इस पर जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने कहा कि वर्तमान नीति के तहत 5 एकड़ से बड़े तालाबों का ही जीर्णोद्धार होता है, लेकिन अब सरकार नया प्रस्ताव ला रही है. इसके तहत ढाई एकड़ के तालाबों को भी योजना में शामिल किया जाएगा. इस फैसले से छोटे जलस्रोतों के संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
धान क्रय पर बयानबाजी, इरफान का तंज
धान खरीद को लेकर भी सदन में तीखी बहस हुई. भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव ने गढ़वा जिले में धान क्रय बढ़ाने और किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि आधे से ज्यादा किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा गया है. इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने जवाब देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसानों से ज्यादा नेता हैं. उन्होंने सरकार का पक्ष रखते हुए दावा किया कि गढ़वा में 2 लाख क्विंटल लक्ष्य के मुकाबले करीब 2.5 लाख टन धान की खरीद की जा चुकी है. मंत्री ने आश्वासन दिया कि किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment