जामताड़ा में एक रुपये में मेडिकल कॉलेज बनाने का प्रस्ताव, धनबाद में 200 और खूंटी में 106 करोड़ की बोली
झारखंड में पीपीपी मोड पर जामताड़ा, धनबाद और खूंटी में मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया जारी है. जामताड़ा में एक कंपनी ने महज एक रुपये में मेडिकल कॉलेज बनाने और संचालित करने का प्रस्ताव दिया है, जिसके बाद उसे एलओआई जारी किया गया है.

Ranchi: झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मेडिकल शिक्षा का विस्तार करने के लिए पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है. जामताड़ा, धनबाद और खूंटी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर अलग-अलग प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. इनमें जामताड़ा का प्रस्ताव सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां संबंधित कंपनी ने महज एक रुपये में मेडिकल कॉलेज बनाने और संचालित करने का प्रस्ताव दिया है.
विभागीय जानकारी के अनुसार, जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए संबंधित कंपनी को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किया गया है. अब कंपनी को अपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और बैंक गारंटी सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं. इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
वहीं, धनबाद में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मिला है. विभाग ने संबंधित प्रस्ताव देने वाली कंपनी को 22 तारीख तक बातचीत के लिए समय दिया है. कंपनी से पूछा गया है कि क्या वह निर्धारित लागत को कम करके परियोजना को पूरा कर सकती है. विभाग इस प्रस्ताव पर बातचीत के जरिए लागत घटाने की संभावनाएं तलाश रहा है. खूंटी में भी मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 106 करोड़ रुपये का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है. यहां भी संबंधित कंपनी को लागत कम करने और अपने प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने के लिए कहा गया है.
60 साल की लीज पर दी जाएगी जमीन
इस परियोजना की एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए जमीन और भवन 60 साल की लीज पर दिए जाएंगे. लीज की अवधि पूरी होने के बाद संपत्ति सरकार की होगी. निजी कंपनी जमीन और भवन को गिरवी रखकर बैंक से कर्ज नहीं ले सकेगी. हालांकि, उपकरण जैसी चल संपत्तियों पर लोन लेने की अनुमति हो सकती है. अब देखना होगा कि बातचीत के बाद धनबाद और खूंटी में प्रस्तावित लागत कितनी कम होती है और तीनों परियोजनाएं किस समय धरातल पर उतरती हैं.

