रांची में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी, डिस्पैच सेंटर से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां


रांची: नगर पालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त रांची Manjunath Bhajantri ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर और नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र और मतदाता सूची सहित सभी सामग्री व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सामग्री प्राप्त करने के बाद उसका मिलान कर ही प्रस्थान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने और बंद करने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली और कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सीलिंग और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जाए।
रवानगी के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित वाहन से समय पर प्रस्थान करें, मतदान केंद्र पहुंचते ही सामग्री का पुनः सत्यापन करें और किसी भी कमी की सूचना तुरंत संबंधित सेक्टर पदाधिकारी को दें। साथ ही मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, पेयजल, शौचालय, बिजली और रैम्प सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 फरवरी को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

15 साल के प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: रांची में सुपारी देकर कराई गई आशिफ अंसारी की हत्या, 5 गिरफ्तार

बाबा वैद्यनाथ धाम में गौतम अडानी ने की पूजा, गोड्डा सांसद से भी की मुलाकात



Leave a comment