देवघर के जैन मंदिर में धूमधाम से मना भगवान महावीर का निर्वाण महोत्सव, श्रद्धालुओं ने चढ़ाया निर्वाण लाडू
देवघर के दिगंबर जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. इस अवसर पर अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और निर्वाण लाडू अर्पण किया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के अहिंसा, प्रेम और 'जियो और जीने दो' के संदेश को याद करते हुए विश्व शांति की कामना की.

देवघर:- कार्तिक कृष्ण अमावस्या के अवसर पर देवघर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस मौके पर मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया. जैन समाज के महिला, पुरुष और बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर भगवान महावीर की पूजा-अर्चना की. महोत्सव के दौरान अभिषेक, शांतिधारा, आरती, विभिन्न पूजन विधियों और निर्वाण कांड का पाठ किया गया. इसके बाद भगवान महावीर के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित कर श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की. शाम को सामूहिक आरती, महावीर चालीसा, भक्तामर स्तोत्र और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ. पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. कार्यक्रम में भगवान महावीर के अहिंसा, प्रेम, करुणा और सह-अस्तित्व के संदेश को याद किया गया. श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया.
अभिषेक और शांतिधारा के साथ महोत्सव की शुरुआत
निर्वाण महोत्सव का शुभारंभ सुबह भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक, शांतिधारा और आरती के साथ हुआ. इसके बाद देव-शास्त्र-गुरु पूजन कराया गया. श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ और भगवान महावीर की विशेष पूजा-अर्चना की. इस दौरान गौतम गणधर पूजन भी विधिपूर्वक संपन्न हुआ.
भगवान महावीर को अर्पित किया गया निर्वाण लाडू
धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान निर्वाण कांड का पाठ किया गया. इसके बाद भगवान महावीर के चरणों में निर्वाण लाडू चढ़ाया गया. इस विशेष आयोजन में जैन समाज के लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव से हिस्सा लिया. श्रद्धालुओं ने भगवान से परिवार, समाज और देश में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की.
शाम को आरती, चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन
महोत्सव के तहत शाम को मंदिर में सामूहिक आरती हुई. इसके बाद श्री महावीर चालीसा, विभिन्न स्त्रोतों और भक्तामर स्तोत्र का पाठ किया गया. भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर का स्मरण किया. पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
अध्यक्ष राजेश जैन ने बताया भगवान महावीर के संदेश का महत्व
मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण बिहार के पावापुरी में हुआ था. उनका जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और त्याग की प्रेरणा देता है. उन्होंने मानवता को 'जियो और जीने दो' तथा 'अहिंसा परमो धर्मः' का संदेश दिया. राजेश जैन के अनुसार, मौजूदा समय में दुनिया कई तरह के संघर्षों और अशांति का सामना कर रही है. ऐसे में महावीर के सिद्धांत पहले से अधिक प्रासंगिक हो गए हैं.
जैन समाज के लोगों ने लिया हिस्सा, विश्व शांति की कामना
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेश जैन, मंत्री सुरेश पाटनी सहित समाज के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए. वक्ताओं ने कहा कि भगवान महावीर की शिक्षाएं किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानवता को शांति और सद्भाव का रास्ता दिखाती हैं. अंत में सभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं और विश्व कल्याण की कामना की गई.

