गिरिडीह केंद्रीय कारा में देर रात छापेमारी: DC-SP के नेतृत्व में 150 जवानों ने खंगाले सभी वार्ड, सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच
शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान जेल के पुरुष और महिला वार्डों की गहन तलाशी ली गई।

गिरिडीह के मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान जेल के पुरुष और महिला वार्डों की गहन तलाशी ली गई। करीब दो घंटे तक चले अभियान में लगभग 45 अधिकारी और डेढ़ सौ से अधिक पुलिस जवान शामिल रहे।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:45 बजे प्रशासनिक टीम केंद्रीय कारा पहुंची और अलग-अलग दल बनाकर जेल के सभी हिस्सों की जांच शुरू की गई। पुरुष बंदियों के पांच ब्लॉक में मौजूद करीब 20 वार्डों की तलाशी ली गई, जबकि महिला अधिकारियों और महिला जवानों ने महिला वार्ड की जांच की।
वार्ड से लेकर सुरक्षा सिस्टम तक हर पहलू की जांच
छापेमारी केवल बंदियों के वार्डों तक सीमित नहीं रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। संतरी की तैनाती, ड्यूटी व्यवस्था, बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया, जेल परिसर में पेयजल की स्थिति और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
इसके अलावा जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को भी परखा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रबंधन को कई आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पर लिया फीडबैक
डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. बिमल कुमार और एसडीएम श्रीकांत विस्पुते ने जेल की मौजूदा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। जेल में सुरक्षा मानकों का पालन किस तरह हो रहा है और सुधार की जरूरत किन क्षेत्रों में है, इस पर भी चर्चा की गई।
बड़ी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद
इस विशेष अभियान में डीसी और एसपी के अलावा एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, दंडाधिकारी विनोद सिंह, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल थे।
इसके साथ ही बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेंद्र प्रसाद, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार और कई थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी भी अभियान का हिस्सा बने।
प्रशासन की इस कार्रवाई को जेल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और संभावित अवैध गतिविधियों पर नजर रखने की नियमित प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
बाढ़ में हाईवोल्टेज ड्रामा, अपराधियों ने पहले पुलिस की तलाशी ली फिर खुला दरवाजा
जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार; बैंक अधिकारी बनकर करते थे ऑनलाइन फ्रॉड




Leave a comment