रामनवमी में DJ पर झारखंड विधानसभा में बवाल: हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद धरने पर बैठे, इरफान अंसारी बोले- मैं हिंदुओं का सबसे बड़ा नेता
रामनवमी के दौरान डीजे बजाने के मुद्दे पर बुधवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने सरकार पर हिंदुओं की आस्था को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए सदन के भीतर और बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

Ranchi: रामनवमी के दौरान डीजे बजाने के मुद्दे पर बुधवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने सरकार पर हिंदुओं की आस्था को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए सदन के भीतर और बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. दरअसल, हजारीबाग से भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद विधानसभा भवन की सीढ़ियों पर धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है और किसी भी हाल में वहां डीजे बजना बंद नहीं होगा. उन्होंने कहा, “हजारीबाग की रामनवमी इंटरनेशनल रामनवमी है. कोई कुछ भी कर ले, लेकिन हजारीबाग में डीजे बजेगा तो जरूर बजेगा.” प्रदीप प्रसाद ने राज्य सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर मुहर्रम के जुलूस में डीजे बज सकता है तो रामनवमी में इसे रोकना गलत है. उन्होंने इसे हिंदुओं की धार्मिक परंपराओं के साथ अन्याय बताया.
सदन के भीतर भाजपा का हंगामा
बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया. विधायक आसन के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और सरकार के खिलाफ विरोध जताया. भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि राज्य में रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व पर डीजे बजाने पर पाबंदी लगाकर हिंदुओं की आस्था को टारगेट किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से एक खास समुदाय को परेशान किया जा रहा है. इस बयान का सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने जोरदार विरोध किया, जिससे सदन में काफी देर तक शोरगुल और हंगामे की स्थिति बनी रही.
इरफान अंसारी का पलटवार
इस पूरे विवाद पर जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से सदन के बाहर सवाल किया गया तो उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “मैं हिंदुओं का सबसे बड़ा नेता हूं, मैं सभी समुदायों का नेता हूं. बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह हिंदू-मुसलमान की राजनीति कर रही है.” रामनवमी में डीजे को लेकर उठे इस विवाद के बाद झारखंड की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक मुद्दों को लेकर सियासी तापमान बढ़ता नजर आ रहा है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment