अधिवक्ता के बंद मकान से 10 से 12 लाख के जेवरात व सामान की चोरी, CCTV का मेमोरी कार्ड भी ले गए चोर
चोरों ने एक अधिवक्ता के बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, पूजा सामग्री, बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए।

Sahibganj: नगर थाना क्षेत्र के गुल्ली भट्ठा में चोरों ने एक अधिवक्ता के बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, पूजा सामग्री, बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट के नमूने जुटाए हैं। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ भी छेड़छाड़ की और उसका मेमोरी कार्ड निकालकर अपने साथ ले गए। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
मां के इलाज के लिए एक महीने से कोलकाता में थीं अधिवक्ता
व्यवहार न्यायालय की अधिवक्ता ज्योति कुमारी ने बताया कि वह करीब एक महीने पहले अपनी मां के इलाज के सिलसिले में कोलकाता गई थीं। घर की देखरेख के लिए उन्होंने पड़ोस में रहने वाली जया कुमारी को बरामदे में रखे तोते को दाना-पानी देने और साफ-सफाई करने की जिम्मेदारी दी थी।
परिवार के पास घर के मुख्य दरवाजे की चाबी थी। शनिवार सुबह जया कुमारी जब तोते को खाना देने के लिए घर पहुंचीं तो मुख्य ग्रिल का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने वाले दूसरे दरवाजे का ताला भी टूटा था। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी ज्योति कुमारी को दी और वीडियो कॉल के जरिए घर के अंदर की स्थिति दिखाई। कमरे में सामान बिखरा देखकर परिवार को चोरी होने का संदेह हुआ। इसके बाद ज्योति कुमारी शनिवार रात कोलकाता से साहिबगंज पहुंचीं।
अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात व अन्य सामान ले गए
घर की जांच करने पर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। उसमें रखे आभूषण और अन्य सामान गायब थे। अधिवक्ता के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब *नौ ग्राम की सोने की चेन, झुमके, कान की बाली, मंगलसूत्र, लॉकेट, मांगटीका, अंगूठी, चांदी का सिक्का, पायल, पूजा में रखी भगवान की मूर्तियां, बर्तन* समेत अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
ज्योति कुमारी ने चोरी हुए सामान का आकलन करने के बाद नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
CCTV का मेमोरी कार्ड भी ले गए चोर
चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। बताया गया कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे के साथ छेड़छाड़ की और उसका *मेमोरी कार्ड निकालकर अपने साथ ले गए*, जिससे घर के अंदर की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ नहीं लग सकी।
अब पुलिस आसपास के मकानों और प्रमुख स्थानों पर लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
चार दिन में दो बड़ी चोरी, पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती
साहिबगंज में लगातार हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। इससे पहले *गुरुवार को जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मजहर टोला स्थित इकरा कॉलोनी* में दिनदहाड़े एक घर से करीब *15 से 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात* चोरी होने की घटना सामने आई थी।
बताया गया कि उक्त मकान *बाल सुधार गृह के लेखापाल* का है। वहीं, अधिवक्ता ज्योति कुमारी की मां *बबीता कुमारी भी बाल सुधार गृह की अधिकारी रह चुकी हैं। चार दिनों के भीतर दो बड़ी चोरी की घटनाओं के बाद आसपास के लोगों में भी भय का माहौल है। पुलिस के सामने दोनों मामलों का जल्द उद्भेदन करना बड़ी चुनौती बन गया है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी?
नगर थाना प्रभारी *अमित कुमार गुप्ता* ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट के नमूने लिए हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरी की घटना का उद्भेदन करने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






Leave a comment