ओमान में फंसी लोहरदगा की सुषमा टोप्पो की सुरक्षित वतन वापसी, 8 महीने बाद लौटीं झारखंड
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय दूतावास की पहल से सुषमा टोप्पो की हुई घर वापसी

रांची : रोजगार की तलाश में विदेश गई झारखंड की एक बेटी आखिरकार सुरक्षित अपने घर लौट आई है. ओमान में मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर रहीं लोहरदगा की करीब 29 वर्षीय सुषमा टोप्पो की 14 नवंबर, 2026 को सकुशल स्वदेश वापसी हो गई. उनकी वापसी में झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और मस्कट स्थित भारतीय दूतावास की अहम भूमिका रही. करीब आठ महीने तक विदेश में फंसी रहने के बाद सुषमा की घर वापसी से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है.
रोजगार की तलाश में गई थीं ओमान
जानकारी के अनुसार, सुषमा टोप्पो 17 मार्च, 2026 को एक एजेंट के माध्यम से घरेलू कामगार के रूप में ओमान गई थीं. वहां उन्हें एक नियोक्ता के घर पर घरेलू कार्य में लगाया गया था. परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, नियोक्ता के घर पर उन्हें कथित तौर पर दुर्व्यवहार और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. इसके बाद उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया, लेकिन स्वदेश लौटने का रास्ता आसान नहीं था.
पासपोर्ट और वापसी के नाम पर 300 ओमानी रियाल लेने का आरोप
इस दौरान ओमान के मुतराह इलाके में एक ओमानी परिवार या व्यक्ति ने उन्हें पासपोर्ट दिलाने और भारत वापसी की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया. परिवार का आरोप है कि इस काम के नाम पर सुषमा से करीब 300 ओमानी रियाल लिए गए, लेकिन इसके बावजूद उनकी वापसी की व्यवस्था नहीं की गई. इस बीच परिजनों को सुषमा के वास्तविक ठिकाने और उनकी स्थिति की भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही थी. इससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी. परिजनों ने कथित रूप से ली गई रकम की जांच और वसूली के लिए भी अधिकारियों से अनुरोध किया था.
बहन की शिकायत पर सक्रिय हुआ राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष
सुषमा की बड़ी बहन सुलोचना टोप्पो ने 1 सितंबर, 2026 को राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद की गुहार लगाई. शिकायत मिलते ही नियंत्रण कक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मस्कट स्थित भारतीय दूतावास, प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क स्थापित किया. सुषमा की सुरक्षा, उनके ठिकाने, पासपोर्ट की बरामदगी और सुरक्षित वापसी को लेकर लगातार पत्राचार और फॉलो-अप किया गया.
श्रम मंत्रालय की अभिरक्षा में मिलीं सुषमा, जारी हुआ आपातकालीन यात्रा दस्तावेज
इसी प्रक्रिया के दौरान जानकारी मिली कि सुषमा ओमान के रुवी स्थित श्रम मंत्रालय की अभिरक्षा में हैं और करीब तीन सप्ताह से वहां रखी गई हैं. 16 सितंबर, 2026 को भारतीय दूतावास, मस्कट ने ईमेल के जरिए उनकी स्वदेश वापसी की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी. मूल पासपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी वापसी में परेशानी आ रही थी. ऐसे में भारतीय दूतावास ने उनके लिए आपातकालीन यात्रा दस्तावेज यानी व्हाइट पासपोर्ट/इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किया.
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय दूतावास के लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार 14 नवंबर, 2026 को सुषमा टोप्पो सुरक्षित झारखंड लौट आईं. उनकी वापसी ने परिवार को बड़ी राहत दी है. साथ ही यह मामला एक बार फिर रोजगार के लिए विदेश जाने वाले श्रमिकों की सुरक्षा, एजेंटों की भूमिका और संकट में फंसे प्रवासियों की समय पर मदद सुनिश्चित करने की जरूरत को सामने लाता है.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरेंबिरसा मुंडा की राष्ट्रभक्ति और बलिदान देश को सदैव प्रेरित करते रहेंगे: अमित शाह, झारखंड स्थापना दिवस पर दी बधाई
झारखंड स्थापना दिवस पर CM हेमंत और कल्पना सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, बोले- देश के लिए गौरव का दिन
छठ का पहला अर्घ्य आज शाम 5:01 बजे, डूबते सूर्य को दूध और जल अर्पित करेंगे व्रती

धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती आज, जानिए जल-जंगल-जमीन की लड़ाई की पूरी कहानी

IITF 2026 में झारखंड के पलाश पवेलियन का CM हेमंत सोरेन ने किया उद्घाटन, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

झारखंड में कहां है कानून का राज? बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार से पूछे सवाल


