सारंडा के पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन तेज
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा स्थित पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना है. केड़ाबीर इलाके में सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया गया है.

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र के पोड़ाहाट जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है. यह घटना सोनुवा थाना क्षेत्र के केड़ाबीर इलाके की बताई जा रही है, जहां सुरक्षा बल पिछले कई दिनों से नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे. कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का सामना हथियारबंद नक्सलियों से हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी शुरू हुई. इलाके में कोबरा 209 बटालियन समेत कई सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं और पूरे जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल किसी के घायल या मारे जाने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है.
केड़ाबीर इलाके में बढ़ाया गया सुरक्षा अभियान
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल बीते दो दिनों से सोनुवा और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे थे. मंगलवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई. इसके बाद जंगल के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर कई राउंड फायरिंग हुई. घटना के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी इलाके में भेजा गया है ताकि जंगल क्षेत्र की घेराबंदी मजबूत की जा सके.
इनामी नक्सली के दस्ते की मौजूदगी की आशंका
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि सुरक्षा बलों का सामना प्रतिबंधित नक्सली संगठन के उस दस्ते से हुआ है, जिसका नेतृत्व इनामी नक्सली सालूका कायम कर रहा है. हाल के दिनों में उसके दस्ते की गतिविधियां कुदाबुरु और आसपास के इलाकों में देखी गई थीं. इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने जंगल क्षेत्र में ऑपरेशन तेज किया था. हालांकि पुलिस ने अभी किसी बड़े नुकसान या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
सारंडा में पहले भी हो चुकी हैं बड़ी कार्रवाई
सारंडा और पोड़ाहाट के जंगल लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील माने जाते रहे हैं. पिछले महीने भी सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली को मुठभेड़ में मार गिराने का दावा किया था. इसके अलावा गोइलकेरा क्षेत्र में हुई एक पूर्व नक्सली की हत्या के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट मोड में हैं. फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल जंगल के अंदर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment