अनंत सिंह की बेटी की शादी में दिखेगा शाही अंदाज, लाल किला और हवा महल की तर्ज पर बनाया जा रहा है मंडप; 200 से ज्यादा पकवानों का मेन्यू तैयार
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की 25 नवंबर को होने वाली शादी के लिए लदमा गांव में भव्य तैयारियां चल रही हैं. लाल किला और हवा महल की तर्ज पर मंडप बनाया जा रहा है. समारोह में 200 से अधिक पकवान, 400 से ज्यादा फूड काउंटर और घुड़दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होंगे.

Patna :- बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. 25 नवंबर को होने वाले इस विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए लदमा गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. शादी में चार लाख से अधिक मेहमानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही हैं. मेहमानों के स्वागत से लेकर खाने-पीने और मनोरंजन तक के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं. इस शादी की सबसे खास बात इसका भव्य मंडप और शाही सजावट होगी. मंडप को दिल्ली के लाल किले और जयपुर के हवा महल की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है. वहीं, मुख्य स्टेज की थीम जयपुर के प्रसिद्ध पत्रिका गेट से प्रेरित रखी गई है.
11 बीघा जमीन पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल
शादी समारोह के लिए 11 बीघा से अधिक जमीन पर विशाल पंडाल बनाया जा रहा है. सजावट और टेंट लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं. वहीं, परिसर को रोशन करने के लिए पश्चिम बंगाल से लाइटिंग की व्यवस्था की गई है. बताया जा रहा है कि सजावट के काम में 700 से अधिक कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं. मुख्य स्टेज करीब 105 फीट चौड़ा, 38 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा तैयार किया जा रहा है. पूरे परिसर को भव्य रूप देने के लिए अलग-अलग हिस्सों में विशेष सजावट की जा रही है.
शादी में होगी घुड़दौड़ प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगी थार
विवाह समारोह में मेहमानों के मनोरंजन के लिए भी खास कार्यक्रम रखे गए हैं. दोपहर के समय भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करने की तैयारी है. इसमें बिहार के अलावा झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से घोड़ों के पहुंचने की बात कही जा रही है. घुड़दौड़ के लिए ट्रैक तैयार किया जा रहा है और घुड़सवार अभ्यास में जुटे हैं. इस प्रतियोगिता को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है. जानकारी के मुताबिक, प्रतियोगिता जीतने वाले प्रतिभागी को महिंद्रा थार पुरस्कार के रूप में दी जाएगी.
3 बीघा में तैयार होगा 200 से ज्यादा पकवानों का खाना
इस शादी का फूड मेन्यू भी खास चर्चा में है. मेहमानों के लिए 200 से अधिक तरह के पकवान तैयार किए जा रहे हैं. खाना बनाने के लिए करीब 3 बीघा जमीन पर अलग से टेंट लगाया गया है, जहां खाद्य सामग्री और रसोई की व्यवस्था की जा रही है. मेहमानों को भोजन परोसने के लिए 400 से अधिक काउंटर लगाने की योजना है. बताया जा रहा है कि खाने की व्यवस्था संभालने के लिए करीब 10 हजार लोगों की टीम लगाई जाएगी.
लिट्टी-चोखा से लेकर पिज्जा-पास्ता तक मिलेगा
शाही मेन्यू में बिहार के पारंपरिक स्वाद के साथ कई दूसरे राज्यों और विदेशी व्यंजनों को भी शामिल किया गया है. बिहारी व्यंजनों में लिट्टी-चोखा, मखाने की खीर, देसी घी का मालपुआ, बालूशाही, रसगुल्ला और सिलाव का खाजा खास आकर्षण होंगे. वहीं, मुख्य भोजन में शाही कोफ्ता, पनीर, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव और बिरयानी परोसे जाने की तैयारी है. स्ट्रीट फूड के शौकीनों के लिए चाट, गोलगप्पे, डोसा, चाउमीन, पिज्जा और पास्ता के काउंटर भी लगाए जाएंगे. इसके अलावा विदेशी आइसक्रीम की भी व्यवस्था रहेगी. कुल मिलाकर, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं. शाही मंडप, विशाल पंडाल, घुड़दौड़ प्रतियोगिता और 200 से अधिक व्यंजनों वाला मेन्यू इस समारोह को खास बनाने जा रहा है.
संबंधित ख़बरें
और BIHAR ख़बरेंनिशांत कुमार को सुरक्षाकर्मी ने रोका, JDU भड़की; नीरज कुमार बोले- पुलिस मुख्यालय करे जांच
अररिया में दर्दनाक हादसा: तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो नहर में गिरी, 6 लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
3 बाइक, 8 बदमाश और 40 करोड़ की लूट! बेतिया में पुलिस महकमे में हड़कंप

18 नवंबर का मौसम: चक्रवात 'अकवान' से 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?

रामसेवक सिंह बने झारखंड जदयू के प्रदेश प्रभारी, धर्मेंद्र तिवारी पश्चिम बंगाल के प्रभारी नियुक्त, आज जारी हुआ पत्र

58 साल के हुए बिहार के CM सम्राट चौधरी, जन्मदिन पर छठी मैया और महादेव की पूजा, PM मोदी ने दी बधाई


