झारखंड विधानसभा मार्च में हंगामा: नेहा बोरा समेत छात्र नेताओं पर फेंकी गई स्याही, मचा बवाल
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में निकाले गए झारखंड विधानसभा मार्च के दौरान हंगामा हो गया. मार्च में शामिल AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा समेत कई छात्र नेताओं पर एक युवक ने स्याही फेंक दी.

Ranchi: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने झारखंड विधानसभा मार्च निकाला. बड़ी संख्या में छात्र-युवा हाथों में बैनर, तख्तियां और झंडे लेकर विधानसभा की ओर बढ़े. प्रदर्शन में AISA, SFI, AISF, RYA और AIYF समेत कई छात्र एवं युवा संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, कथित गड़बड़ियों की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में सुधार और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए.
मार्च के दौरान नेहा बोरा समेत छात्र नेताओं पर फेंकी गई स्याही
विधानसभा मार्च के दौरान अचानक उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक ने छात्र नेताओं पर स्याही फेंक दी. जानकारी के अनुसार, युवक ने AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के अलावा छात्र नेत्रियों विभा, शिवानी, स्नेहा और सृष्टि पर स्याही फेंकी. घटना के बाद मौके पर मौजूद छात्रों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारियों ने युवक का विरोध किया और घटना को लेकर नाराजगी जताई. स्याही फेंके जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस अब स्याही फेंकने वाले युवक की पहचान करने और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा यह विधानसभा मार्च आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. छात्रों ने साफ किया है कि वे अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
JPSC-JSSC वार्ता में फिर बदली प्रतिनिधिमंडल की तस्वीर, अजीत कुमार और दोनों पत्रकारों के नाम हटे; अब सिर्फ छात्रों से होगी बात





Leave a comment