खूंटी में भी ट्रेजरी घोटाला, एसआइआरबी-2 के अकाउंटेंट पर 22 लाख की फर्जी निकासी का आरोप
झारखंड में ट्रेजरी घोटाले का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. अब खूंटी जिले में भी वेतन मद में फर्जी निकासी का मामला सामने आया है. एसआइआरबी-2 बटालियन के अकाउंटेंट अजीत कुमार सिंह पर करीब 22 लाख रुपये की अवैध निकासी का आरोप लगा है.

झारखंड में सरकारी खजाने से वेतन के नाम पर फर्जी निकासी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. अब खूंटी जिला भी इस घोटाले की जद में आ गया है. एसआइआरबी-2 बटालियन में तैनात एक अकाउंटेंट पर ट्रेजरी से करीब 22 लाख रुपये की अवैध निकासी करने का आरोप लगा है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वेतन भुगतान प्रक्रिया की तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर अपने खाते में अतिरिक्त रकम ट्रांसफर कराई. मामले का खुलासा खूंटी ट्रेजरी की जांच के दौरान हुआ. राज्य में पहले से कई जिलों में इसी तरह के मामलों की जांच चल रही है, जिसके बाद वित्त विभाग ने सभी कोषागारों में विशेष जांच अभियान शुरू किया था. इसी क्रम में खूंटी में भी अनियमितता सामने आयी. फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जबकि संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए सूचना भेज दी गयी है.
कई महीनों से चल रही थी फर्जी निकासी
जानकारी के अनुसार एसआइआरबी-2 बटालियन के अकाउंटेंट अजीत कुमार सिंह ने बीते कई महीनों के दौरान वेतन मद में अतिरिक्त राशि निकाली. जांच में आशंका जतायी गयी है कि वेतन की राशि में बदलाव कर अधिक भुगतान दिखाया गया. ट्रेजरी से मंजूरी मिलने के बाद रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की जाती रही.
सूत्रों का कहना है कि राज्य के अन्य जिलों में इसी तरह के मामलों के सामने आने के बाद आरोपी ने निकासी बंद कर दी थी. हालांकि विभागीय जांच में पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर गड़बड़ी पकड़ में आयी.
खूंटी बना फर्जी वेतन निकासी वाला 15वां जिला
वित्त विभाग के निर्देश पर चल रही जांच में खूंटी जिला भी अब उन जिलों की सूची में शामिल हो गया है, जहां ट्रेजरी सिस्टम में गड़बड़ी पायी गयी है. ट्रेजरी अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी एसआइआरबी-2 बटालियन के कमांडेंट को पत्र भेजकर दी है.
बताया जा रहा है कि राज्य के कई जिलों में सरकारी कर्मियों द्वारा एक ही महीने में दो बार वेतन और एरियर लेने के मामले सामने आए हैं. जांच एजेंसियां अब ट्रेजरी सिस्टम और भुगतान प्रक्रिया की तकनीकी कमजोरियों की भी पड़ताल कर रही हैं.
14 ट्रेजरी में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी
अब तक की जांच में झारखंड के 33 में से 14 कोषागारों में वित्तीय अनियमितता पकड़ी जा चुकी है. रिपोर्ट के अनुसार 200 से अधिक पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों ने नियमों का उल्लंघन कर दोहरा भुगतान लिया. इससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक करीब 31 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी सामने आयी है. इनमें दोहरे वेतन भुगतान का हिस्सा भी काफी बड़ा बताया जा रहा है. मामले को लेकर वित्त विभाग और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है, जबकि आगे और खुलासे होने की संभावना जतायी जा रही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment