बोकारो, मेदिनीनगर, जमशेदपुर का पारा 40 डिग्री पार, आज रांची समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना
रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज गर्म होने लगा है. गर्म हवाओं और उमस के कारण सड़कों पर दोपहर होते ही सन्नाटा पसर गया है. तीन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो गया है. रांची समेत अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है. जमशेदपुर, मेदिनीनगर और बोकारो का तापमान 40 डिग्री पार कर चुका है. म...


रांची :
झारखंड में मौसम का मिजाज गर्म होने लगा है. गर्म हवाओं और उमस के कारण सड़कों पर दोपहर होते ही सन्नाटा पसर गया है. तीन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो गया है. रांची समेत अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है. जमशेदपुर, मेदिनीनगर और बोकारो का तापमान 40 डिग्री पार कर चुका है. मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. वहीं जमशेदपुर का पारा 40.3 डिग्री और बोकारो थर्मल का 40.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है है. आज जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की और बोकारो के उच्चतम पारा में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है. प्रदेश का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस गुमला जिले में है. वहीं राजधानी रांची का उच्चतम तापमान 0.9 डिग्री चढ़कर 36.2 डिग्री हो गया है, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेंटीग्रेड अधिक है. यहां का न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री घटकर 20.4 डिग्री हो गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री सेंटीग्रेड कम है. उधर चाईबासा का उच्चतम तापमान 0.5 डिग्री घटकर 38.8 डिग्री हो गया है.
4 से 5 डिग्री कम हो सकता है रांची का तापमान
हालांकि रांची में इस गर्मी से जल्द राहत के आसार हैं. राजधानी में आज से मौसम परिवर्तन होने की संभावना है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है. दोपहर या शाम में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं. मंगलवार से 12 अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, गरज के साथ वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी बिहार से विदर्भ तक टर्फलाइन बना हुआ है. इसके अलावा पूर्वी बिहार में समुद्रतल से ऊपर 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर है, जिससे झारखंड व छत्तीसगढ़ भी प्रभावित होगा.
उत्तर-पूर्वी भाग में तेज हवा और वज्रपात की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के तहत, सोमवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर गरज व तेज हवा (अधिकतम 30-40 किमी प्रतिघंटा) के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. 8 और 9 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी, मध्य व उत्तर-पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर गरज व तेज हवा (अधिकतम 30-40 किमी. प्रतिघंटा) के साथ बिजली गिरने की संभावना है. 10 अप्रैल को राज्य के कुछ स्थानों पर गरज व तेज हवा (40-50 किमी. प्रतिघंटा) के साथ वज्रपात होने की संभावना है.
आज संथाल, कल कोल्हान में बारिश की संभावना
आज झारखंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से (संताल परगना) में गरज के साथ बारिश हो सकती है. वहीं कल राज्य के दक्षिण (कोल्हान), मध्य (रांची से सटे जिलों) तथा संताल परगना में भी बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है. मौसम में बदलाव के कारण तापमान भी कम हो सकता है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment