करीना कपूर के पेंडेंट पर विवाद, भोपाल के कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस; पोस्ट हटाने और माफी की मांग
करीना कपूर के पेंडेंट पर विवाद, भोपाल के कांग्रेस नेता ने लीगल नोटिस भेजकर पोस्ट हटाने और माफी मांगने की मांग की.

Bhopal : - बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं. उनके एक इंस्टाग्राम पोस्ट में पहने गए खास पेंडेंट को लेकर भोपाल के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है. उन्होंने भोपाल कोर्ट के माध्यम से अपने वकील जफर के जरिए अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजा है. नोटिस में करीना से विवादित पोस्ट हटाने, माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की गई है.
400 साल पुराने पेंडेंट को लेकर उठाया सवाल
अब्बास हफीज के मुताबिक, करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों में जो गहने पहने हैं, उनमें एक पेंडेंट और कलगी शामिल है. उनका दावा है कि ये दोनों भोपाल की रियासत और शाही परिवार की ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें करीना के कलगी या पारंपरिक लिबास पहनने से कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन पेंडेंट को लेकर उनकी चिंता है, क्योंकि यह करीब 400 साल पुराना बताया जा रहा है. इस पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं.
भोपाल की बेगमों से जुड़ा है पेंडेंट
कांग्रेस नेता का दावा है कि यह पेंडेंट भोपाल की पूर्व शासक शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी धार्मिक आस्था और इबादत के उद्देश्य से बनवाया था. उनके अनुसार, इस गहने का इस्तेमाल फैशन या दिखावे के लिए नहीं किया जाना चाहिए. अब्बास हफीज ने कहा कि कुरान की आयतों का इस्लाम में विशेष सम्मान है. मुस्लिम समुदाय के लोग इन आयतों को बेहद पवित्र मानते हैं और धार्मिक मर्यादाओं का ध्यान रखते हैं.
पोस्ट हटाने और माफी मांगने की मांग
अब्बास हफीज का कहना है कि इस्लामिक धर्मगुरु भी कुरान की आयतों को गहनों के रूप में इस्तेमाल करने के खिलाफ राय रखते रहे हैं. ऐसे में धार्मिक महत्व रखने वाले पेंडेंट को फैशन के तौर पर प्रदर्शित करना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है. इसी आधार पर उन्होंने करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर इंस्टाग्राम पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. साथ ही भविष्य में इस तरह की गलती नहीं दोहराने को कहा है.
अब आगे कानूनी कार्रवाई की तैयारी
अब्बास हफीज ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह कदम किसी राजनीतिक दल या पद के तहत नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत और धार्मिक आस्था के आधार पर उठाया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर करीना कपूर पोस्ट नहीं हटाती हैं और माफी नहीं मांगती हैं, तो वे अपने वकील से सलाह लेकर आगे कानूनी कार्रवाई करेंगे. फिलहाल इस मामले में करीना कपूर खान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है. ऐसे में अब देखना होगा कि अभिनेत्री इस कानूनी नोटिस पर क्या रुख अपनाती हैं.

