संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 का आज शुभारंभ, छह जिलों के पुलिसकर्मी दिखाएंगे कौशल
संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 का विधिवत शुभारंभ बुधवार को होगा. तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन सुबह 11 बजे संताल परगना के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) द्वारा किया जाएगा.

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
Sahibganj: संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27 का विधिवत शुभारंभ बुधवार को होगा. तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन सुबह 11 बजे संताल परगना के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) द्वारा किया जाएगा. राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 10 जून से 12 जून 2026 तक किया जाएगा. इस ड्यूटी मीट में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों के पुलिस पदाधिकारी और जवान प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लेंगे. आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की पेशेवर दक्षता, तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान क्षमता का मूल्यांकन करना है.
विभिन्न विषयों पर होगी प्रतियोगिता
ड्यूटी मीट के दौरान पुलिस कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों की मौखिक और लिखित परीक्षा ली जाएगी. प्रतियोगिता में अनुसंधान में वैज्ञानिक सहायता (Scientific Aid to Investigation), पुलिस फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कंप्यूटर साक्षरता, एंटी-सबोटाज चेक और पुलिस स्वान दस्ता (डॉग स्क्वाड) जैसे विषय शामिल किए गए हैं. इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पुलिसकर्मियों के तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान का परीक्षण किया जाएगा. एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता और तकनीकी दक्षता में वृद्धि होती है. साथ ही विभिन्न जिलों से आए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलता है. इससे अनुसंधान और आधुनिक पुलिसिंग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है.
तैयारियां पूरी, सफल आयोजन की तैयारी
पुलिस विभाग ने ड्यूटी मीट के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह आयोजन न केवल पुलिस बल की क्षमता को बेहतर बनाने में सहायक होगा, बल्कि आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को अधिक सक्षम भी बनाएगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment