साहिबगंज चोरीकांड: CCTV में दिखे शख्स से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी, लाल शर्ट वाले किशोर की तलाश
साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मजहर टोला में दिनदहाड़े करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और 13 हजार रुपये नकद चोरी हो गए. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर मोहम्मद शकील उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Sahibganj: साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के इकरा कॉलोनी स्थित मजहर टोला में करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और 13 हजार रुपये नकद चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार मोहम्मद शकील उर्फ मुन्ना को CCTV फुटेज में मिले हुलिये के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद उसकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर कांड संख्या 150/26 के तहत गिरफ्तारी की गई. वहीं, फुटेज में लाल शर्ट पहने एक किशोर की गतिविधियां भी संदिग्ध नजर आई हैं. पुलिस उसकी पहचान और भूमिका की जांच करते हुए तलाश में जुटी है. मामले में FSL जांच, मोबाइल डंप रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस कई बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है.
दिनदहाड़े घर में घुसे चोर, पीछे के रास्ते से दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, अजहर अहसन के घर में चोरी की वारदात दिन में करीब 11:30 बजे हुई. चोर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए और दरवाजा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और 13 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना के समय मकान के ऊपरी हिस्से में आमतौर पर किसी के मौजूद नहीं रहने की बात सामने आई है. इसी वजह से पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं चोरों को घर की दिनचर्या और परिवार की गतिविधियों की पहले से जानकारी तो नहीं थी. जांच के दौरान मिले CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं. इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने मजहर टोला निवासी मोहम्मद शकील उर्फ मुन्ना को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
लाल शर्ट वाले किशोर की तलाश, मोबाइल डंप रिपोर्ट से भी जांच
पुलिस अब CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे लाल शर्ट पहने किशोर की पहचान और भूमिका का पता लगाने में जुटी है. इसके अलावा फुटेज में नजर आए अन्य संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. पुलिस चोरी में शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा ले रही है. FSL की टीम घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटा चुकी है. घटना के समय इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी के लिए पुलिस मोबाइल डंप रिपोर्ट भी खंगाल रही है. इन नंबरों का संदिग्धों से मिलान किया जा रहा है. पुलिस चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी के लिए भी संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, मामले में तकनीकी और भौतिक दोनों स्तरों पर जांच जारी है.


