Pakistan से फिर सामने आया Prince Khan, पासपोर्ट बनवाने के लिए इंस्पेक्टर को 10 लाख देने का दावा
धनबाद के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने पाकिस्तान से एक और वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी है. वीडियो में उसने दावा किया कि धनबाद के पूर्व इंस्पेक्टर रंधीर कुमार ने उसका पासपोर्ट बनवाने में मदद की थी.

झारखंड के धनबाद से जुड़े कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने पाकिस्तान से एक और वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी है. इस बार उसने दावा किया है कि धनबाद में पदस्थापित रहे इंस्पेक्टर रंधीर कुमार ने उसका पासपोर्ट बनवाने में मदद की थी, जिसके बदले उसने 10 लाख रुपये दिए थे. वीडियो में प्रिंस खान खुद को “सिस्टम का शिकार” बताते हुए कह रहा है कि वह पहले डेयरी और बिल्डिंग का काम करता था, लेकिन पुलिस कार्रवाई और कथित उत्पीड़न के बाद अपराध की दुनिया में चला गया. उसने आरोप लगाया कि उसके कारोबार में तोड़फोड़ की गई और उसे झूठे मामलों में फंसाया गया. हालांकि प्रिंस के इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से अब तक इस पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस पहले ही दावा कर चुकी है कि प्रिंस खान पाकिस्तान में बैठकर झारखंड के कारोबारियों से लेवी वसूली कर रहा है और उसके आतंकी संगठनों से संपर्क होने की भी आशंका है.
कुछ दिन पहले SSP को दी थी खुली धमकी
यह पहला मौका नहीं है जब प्रिंस खान ने वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी हो. कुछ दिन पहले भी उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर धनबाद SSP को खुलेआम धमकी दी थी. उस वीडियो में उसने दावा किया था कि पुलिस उसके करीबियों को निशाना बना रही है और अगर यह कार्रवाई नहीं रुकी तो वह “बड़ा जवाब” देगा. वीडियो में उसने कई पुलिस अधिकारियों के नाम लेकर आरोप लगाए थे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई थीं.
पाकिस्तान कनेक्शन और लेवी नेटवर्क पर एजेंसियों की नजर
जांच एजेंसियों के मुताबिक प्रिंस खान लंबे समय से पाकिस्तान में छिपा हुआ है और वहीं से अपना नेटवर्क ऑपरेट कर रहा है. धनबाद, बोकारो और आसपास के इलाकों में कारोबारियों से रंगदारी मांगने के कई मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है. पुलिस को आशंका है कि उसका नेटवर्क सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संचालित हो रहा है. अब ताजा वीडियो के बाद पुलिस विभाग के अंदर भी हलचल तेज हो गई है, क्योंकि इसमें सीधे पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment