रांची: इंद्रपुरी मिथलेश महतो हत्याकांड में 6 आरोपी गिरफ्तार, 18 लाख के कर्ज को लेकर हुई थी हत्या
रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी में मिथलेश महतो हत्याकांड में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, 18 लाख रुपये के कर्ज को लेकर चल रहे विवाद में गोलीबारी की गई थी, जिसमें मिथलेश की जान चली गई.

रांची:- राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी में मिथलेश महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वारदात 18 लाख रुपये के बकाया कर्ज को लेकर चल रहे विवाद में अंजाम दी गई. आरोपियों का मनोज महतो से पैसे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी में मनोज के छोटे भाई मिथलेश महतो की जान चली गई. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर छह लोगों को पकड़ा है. आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, दो कारें, एक स्कूटी और घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया गया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. वहीं, मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है.
18 लाख रुपये के कर्ज को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोज महतो पर 18 लाख रुपये का कर्ज बकाया था. इसी रकम की वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था. विवाद लगातार बढ़ रहा था और इसी रंजिश ने खूनी वारदात का रूप ले लिया.
मनोज महतो को खोजने पहुंचे थे आरोपी
बताया गया कि बुधवार रात आरोपी मनोज महतो को तलाशते हुए उसके घर पहुंचे थे. जब घर का दरवाजा बंद मिला, तो आरोपियों ने बाहर से ही गोलीबारी शुरू कर दी. इस दौरान घर के आसपास दहशत का माहौल बन गया और गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सिर में गोली लगने से मिथलेश की मौत
गोलीबारी के दौरान मनोज महतो के छोटे भाई मिथलेश महतो के सिर में गोली लग गई. घायल मिथलेश को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया. हालांकि, गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी.
छापेमारी में छह आरोपी गिरफ्तार, कई वाहन जब्त
हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार लोगों में धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और विवेक उर्फ छोटू, हरमू निवासी आयुष कुमार सिंह और नितिन गुप्ता, सुखदेव नगर निवासी राहुल कुमार तथा हरमू निवासी रोहित सिंह उर्फ देवा शामिल हैं.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की काली फॉर्च्यूनर, सफेद आई-20 कार, काली स्कूटी और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है.
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. आयुष कुमार सिंह के खिलाफ लालपुर और कोतवाली थाने में मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. वहीं, नितिन गुप्ता पर सुखदेव नगर थाना में नशे से संबंधित मामला दर्ज है.
पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही हत्याकांड में शामिल फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.







