झारखंड भाजपा के नए संगठन महामंत्री पवन साय पहुंचे देवघर, बाबा बैद्यनाथ के दरबार में टेका माथा
झारखंड भाजपा के नवमनोनीत प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय पहली बार देवघर पहुंचे. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.

Deoghar: झारखंड भाजपा के नवमनोनीत प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने से पहले पहली बार झारखंड पहुंचे. दिल्ली से विमान के जरिए देवघर पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद वह भाजपा जिला कार्यालय ठाढ़ीदुलमपुर पहुंचे, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में उनका स्वागत और सम्मान किया गया. इस दौरान पवन साय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और अपना परिचय दिया. साथ ही उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता का परिचय प्राप्त कर संगठन के लोगों से संवाद स्थापित किया.
कर्मवीर सिंह से संगठन मजबूती पर चर्चा, कार्यकर्ताओं से किया संवाद
देवघर में पवन साय से मिलने तत्कालीन प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी रांची से सड़क मार्ग के जरिए पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच संगठन को मजबूत करने और आगामी जिम्मेदारियों को लेकर बातचीत हुई. इसके बाद शाम को पवन साय और कर्मवीर सिंह बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा का श्रृंगार दर्शन किया. इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक, छत्तीसगढ़ के पूर्व सह प्रभारी बजरंगी यादव, महेश प्रसाद राय, पंकज सिंह भदोरिया, संजीव जजवाड़े, संजीव मिश्रा, सुलोचना देवी, मनोज मिश्रा, अभयानंद झा, सुनीता सिंह, संध्या कुमारी, विजया सिंह, उमाशंकर प्रजापति, पप्पू यादव और जयकांत मंडल समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.


