नेपाल में हेलिकॉप्टर क्रैश: लैंडिंग के दौरान पलटा, अंतिम संस्कार में जा रहा था परिवार
“Air Dynasty का हेलिकॉप्टर काठमांडू से उड़ान भरकर खोटांग के केपिलासगढी क्षेत्र में लैंड कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और हेलिकॉप्टर जमीन पर गिरकर पलट गया.”

Nepal: नेपाल के खोटांग जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बुधवार को एक हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई. जानकारी के अनुसार, Air Dynasty का हेलिकॉप्टर काठमांडू से उड़ान भरकर खोटांग के केपिलासगढी क्षेत्र में लैंड कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और हेलिकॉप्टर जमीन पर गिरकर पलट गया.
एक ही परिवार के पांच सदस्य थे सवार
हेलिकॉप्टर में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे, जो अपने एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे. बताया जा रहा है कि नागमणि राई की पत्नी मनमछी राई का निधन यूनाइटेड किंगडम में हुआ था, जिनका शव अंतिम संस्कार के लिए नेपाल लाया गया था. हेलिकॉप्टर में जगह कम होने के कारण शव को सड़क मार्ग से भेजा गया, जबकि परिवार के सदस्य हवाई मार्ग से खोटांग जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हेलिकॉप्टर ने सुबह करीब 11 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी और लगभग 50 मिनट बाद लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट समेत सभी यात्री सुरक्षित बच निकले. हालांकि, काजीबहादुर राई नाम के एक व्यक्ति के पैर में मामूली चोट आई है.
तुरंत किया गया रेस्क्यू
हादसे के बाद कंपनी ने तुरंत दूसरा हेलिकॉप्टर भेजकर घायल को रेस्क्यू किया और वापस काठमांडू ले जाया गया. पहले से ही शोक में डूबे इस परिवार के लिए यह हादसा किसी बुरे सपने से कम नहीं था, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और एक बड़ी त्रासदी टल गई.


