देवघर में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट, 51 घाटों की सफाई पर रहेगी नजर
देवघर नगर निगम ने छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. शहर के 51 छठ घाटों की सफाई और सुविधाओं की निगरानी के लिए तीन निरीक्षण दल गठित किए गए हैं घाटों पर रोशनी, पहुंच पथ, झाड़ियों की कटाई, जलकुंभी हटाने और चेंजिंग प्वाइंट की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं.

Deoghar: दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. नगर निगम क्षेत्र के 51 छोटे-बड़े छठ घाटों पर सफाई, रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था बनाई गई है. इसके तहत तीन निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो प्रतिदिन अपने आवंटित वार्डों में स्थित घाटों का जायजा लेकर रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार को सौंपेंगे. सोमवार को अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में स्वच्छता शाखा की बैठक हुई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो.
नगर निगम की ओर से छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों का समतलीकरण कराने, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और उन्हें चालू रखने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा घाटों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई और जलकुंभी हटाने का काम प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा. व्रतियों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए घाटों पर चेंजिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे. निरीक्षण दल सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की नियमित जांच करेंगे. कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट देकर सुधार कराया जाएगा. नगर निगम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है, ताकि छठ महापर्व से पहले सभी 51 घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें.


