देवघर में कपड़ा व्यवसायी से 5.60 लाख रुपये की लूट, हथियार के बल पर वारदात
देवघर-सारवां रोड पर घोरपरास जंगल के आगे बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप दिनदहाड़े कपड़ा व्यवसायी राजेंद्र मंडल से 5.60 लाख रुपये की लूट हुई. बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया.

Deoghar: देवघर-सारवां रोड पर घोरपरास जंगल के आगे बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप दिनदहाड़े एक कपड़ा व्यवसायी से 5.60 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है. घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने कपड़ा दुकानदार राजेंद्र मंडल को निशाना बनाया और रुपये लूटकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि बदमाशों में से एक के पास पिस्टल भी था.
दुर्गा पूजा में बिक्री की रकम जमा करने जा रहे थे व्यवसायी
पीड़ित राजेंद्र मंडल कुंडा थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव के निवासी हैं. बलियाचौकी में उनकी कपड़े की दुकान है. बताया जा रहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान हुई बिक्री से प्राप्त 5.60 लाख रुपये की राशि जमा करने के लिए वह घोरपरास स्थित सिंडिकेट बैंक जा रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें चकमा देकर गिरा दिया और रुपये लूटकर फरार हो गए.
दो अलग-अलग दिशाओं में भागे बदमाश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश अपाचे और पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार थे. वारदात के बाद अपाचे सवार बदमाश सारवां की ओर, जबकि पल्सर सवार बदमाश देवघर की दिशा में फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी संदीप कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी. फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है.

