दीपावली से पहले NHM और आउटसोर्स कर्मियों का भुगतान करें, 24 घंटे में TB अभियान की रिपोर्ट अपडेट करने का निर्देश
झारखंड में दीपावली से पहले NHM कर्मियों, आउटसोर्स कर्मचारियों और सहियाओं का बकाया भुगतान करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही टीबी अभियान की रिपोर्ट 24 घंटे में अपडेट करने और अस्पतालों में सफाई व मरम्मत पूरी करने को कहा गया है.

Ranchi:- झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को दुरुस्त करने और टीबी मुक्त भारत अभियान की रफ्तार बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिलों को टीबी अभियान से जुड़ी लंबित सूचनाएं 24 घंटे के भीतर अपडेट करने और दीपावली से पहले स्वास्थ्यकर्मियों के बकाया भुगतान का निपटारा करने का निर्देश दिया. इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदाकर्मी, आउटसोर्स कर्मी और सहिया शामिल हैं. बैठक में भुगतान में देरी, टीबी मरीजों को आर्थिक सहायता, एंबुलेंस की स्थिति और अस्पतालों की साफ-सफाई जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई. अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
24 घंटे में अपडेट करनी होगी टीबी अभियान की रिपोर्ट
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने उन जिलों के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई, जहां टीबी मुक्त भारत अभियान के सूचकांकों की स्थिति संतोषजनक नहीं है. उन्होंने संबंधित जिलों को 24 घंटे के भीतर जरूरी सुधार करते हुए अद्यतन जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया. साथ ही जिला स्तरीय समितियों के गठन, श्रेणी-एक नोडल पदाधिकारियों की कवरेज और अभियान से जुड़ी टीमों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने सभी लंबित सूचनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपडेट करने पर जोर दिया.
टीबी मरीजों को समय पर मिले निक्षय पोषण योजना का लाभ
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र मरीजों के बैंक खातों में लंबित राशि का तत्काल हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मरीज योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके साथ ही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक के व्यय और भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया. भुगतान में लापरवाही मिलने पर जिला लेखा प्रबंधक, प्रखंड लेखा प्रबंधक सहित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
दीपावली से पहले लंबित वेतन और मानदेय का भुगतान
बैठक में NHM के संविदाकर्मियों, आउटसोर्स कर्मियों और सहियाओं के लंबित वेतन एवं मानदेय का मुद्दा प्रमुखता से उठा. अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों को 30 सितंबर तक के लंबित भुगतान का निपटारा करने और दीपावली से पहले भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भुगतान में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी. विभागीय निर्देश के मुताबिक, भुगतान की प्रक्रिया में पहले NHM के संविदाकर्मियों और उसके बाद आउटसोर्स कर्मियों के भुगतान की कार्रवाई की जाएगी.
अब HRIS पोर्टल से होगा वेतन भुगतान
स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में कार्यरत NHM कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए मानव संसाधन सूचना प्रणाली (HRIS) पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा. बैठक में बताया गया कि अक्टूबर माह का भुगतान नवंबर में और नवंबर माह का भुगतान दिसंबर में इसी प्रणाली के माध्यम से करने की तैयारी की जाएगी. जिलों को इसके लिए समय पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा गया है. भविष्य में सहियाओं का भुगतान भी मुख्यालय के माध्यम से किए जाने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा NHM संविदाकर्मियों के दिसंबर माह के वेतन का भुगतान भी HRIS पोर्टल के जरिए करने की तैयारी करने को कहा गया.
पुरानी एंबुलेंसों की होगी नीलामी, अस्पताल परिसरों से हटेंगे अनुपयोगी वाहन
अपर मुख्य सचिव ने ममता वाहन की स्थिति और उससे संबंधित लंबित भुगतानों की जानकारी भी ली. इसके साथ ही 108 एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा की गई. निर्देश दिया गया कि जो एंबुलेंस परिचालन में नहीं हैं, सात वर्ष से अधिक पुरानी हैं और डेढ़ लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं, उन्हें नियमानुसार अनुपयोगी घोषित कर नीलाम किया जाए. ऐसी एंबुलेंसों को अस्पताल परिसरों से हटाने को भी कहा गया. अन्य श्रेणियों के अनुपयोगी वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया भी नियमों के अनुसार पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि अस्पताल परिसरों में पुराने वाहन अनावश्यक रूप से खड़े न रहें.
दीपावली से पहले अस्पतालों में रंग-रोगन और साफ-सफाई का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक दीपावली से पहले रंग-रोगन और जरूरी मरम्मत कार्य पूरा करने को कहा है. अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल परिसरों में उगी झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों को हटाने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा भवनों और आसपास के क्षेत्रों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली से पहले सभी स्वास्थ्य संस्थान स्वच्छ, सुव्यवस्थित और बेहतर स्थिति में दिखने चाहिए. बैठक में NHM के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. प्रभात कुमार समेत सभी जिलों के सिविल सर्जन और संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. अपर मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि टीबी मुक्त भारत अभियान, मरीजों को आर्थिक सहायता, कर्मियों के लंबित भुगतान और अस्पतालों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.



