राजधानी एक्सप्रेस में विधायक मथुरा महतो से बदसलूकी, TTE को वारंट; धनबाद के DC-CO और थाना प्रभारी भी तलब, जानिये पूरा मामला
राजधानी एक्सप्रेस में झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो से दुर्व्यवहार के मामले में झारखंड विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने सख्त कार्रवाई की है. रेलवे के जवाब से असंतुष्ट समिति ने संबंधित TTE के खिलाफ वारंट जारी किया है.

Ranchi: राजधानी एक्सप्रेस में झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो के साथ दुर्व्यवहार के मामले में झारखंड विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने अब सख्त रुख अपनाया है. करीब डेढ़ साल पुराने इस मामले में रेलवे के संबंधित अधिकारियों से बार-बार स्पष्टीकरण मांगे जाने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर समिति ने ड्यूटी पर तैनात TTE के खिलाफ वारंट जारी किया है. उसे 3 दिसंबर को होने वाली अगली बैठक में सशरीर उपस्थित कराने का निर्देश दिया गया है. गुरुवार को सभापति रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया. खास बात यह है कि समिति के सामने केवल विधायक मथुरा महतो का मामला ही नहीं है. धनबाद में 16 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण और हीरोडीह थाना प्रभारी के व्यवहार से जुड़ी शिकायतों पर भी समिति ने कार्रवाई की है. धनबाद के DC, बाघमारा के CO और हीरोडीह थाना प्रभारी को भी अगली बैठक में तलब किया गया है.
राजधानी एक्सप्रेस में मथुरा महतो से हुआ था दुर्व्यवहार
मामला 29 जून 2025 का है. झामुमो विधायक और विधानसभा में सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो अपने तीन सहयोगियों के साथ धनबाद से नई दिल्ली जा रहे थे. उन्होंने मुख्य सचेतक के तौर पर मिलने वाली HOR सुविधा के तहत टिकट लिया था. राजधानी एक्सप्रेस के A-2 कोच में उनकी बर्थ संख्या 25, 26, 27 और 28 आरक्षित थीं. विधायक की शिकायत के मुताबिक, रात करीब नौ बजे टिकट जांचने के लिए TTE उनके पास पहुंचे. मथुरा महतो ने टिकट दिखाने के साथ अपना परिचय भी दिया. आरोप है कि TTE ने HOR से जारी टिकट और सहयात्री के लिए उपलब्ध विशेष व्यवस्था की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया. विधायक ने TTE को अपने जनप्रतिनिधि होने के साथ दक्षिण-पूर्व रेलवे की सदस्यता की जानकारी भी दी थी. इसके बावजूद व्यवहार में बदलाव नहीं आया. इसके बाद मथुरा महतो ने इस घटना को विधानसभा के विशेषाधिकार का उल्लंघन बताते हुए शिकायत की थी.
रेलवे के जवाब से संतुष्ट नहीं हुई समिति, TTE के खिलाफ वारंट
मथुरा महतो की शिकायत पर विशेषाधिकार समिति में मामला विचाराधीन रहा. इस दौरान रेलवे के संबंधित अधिकारियों से कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन समिति को संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद गुरुवार को हुई बैठक में संबंधित TTE को वारंट जारी करने का निर्णय लिया गया. सभापति रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने TTE को वारंट जारी कर समिति के सामने पेश कराने का प्रस्ताव रखा. इसके बाद उसे 3 दिसंबर को होने वाली अगली बैठक में सशरीर उपस्थित कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में यह भी कहा गया कि वारंट के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गिरफ्तारी का विकल्प अपनाया जा सकता है. बैठक में समिति के सदस्य प्रकाश राम भी मौजूद थे.
16 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण, धनबाद के DC और बाघमारा CO तलब
विशेषाधिकार समिति के सामने दूसरा मामला जदयू विधायक सरयू राय की शिकायत से जुड़ा है. उन्होंने धनबाद जिले में करीब 16 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण और प्रशासनिक कार्रवाई में देरी का मुद्दा उठाया है. सरयू राय का आरोप है कि करीब एक साल से इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई. इस संबंध में चकबंदी अधिकारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण भी उन्हें संतोषजनक नहीं लगा. प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया था. अब समिति ने धनबाद के उपायुक्त और बाघमारा के अंचल अधिकारी को 3 दिसंबर की बैठक में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है.
हीरोडीह थाना प्रभारी पर भी शिकायत, विधायक मंजू कुमारी ने उठाया मामला
तीसरा मामला जमुआ की भाजपा विधायक मंजू कुमारी की शिकायत से जुड़ा है. उन्होंने हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र पर आपराधिक घटनाओं से संबंधित जानकारी मांगने पर सही जानकारी नहीं देने और जनप्रतिनिधि के प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है. इस मामले में थाना प्रभारी की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण समिति को संतोषजनक नहीं लगा. इसके बाद उन्हें भी 3 दिसंबर की बैठक में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है.
3 दिसंबर की बैठक में TTE समेत चार अधिकारियों की पेशी
विशेषाधिकार समिति की अगली बैठक 3 दिसंबर को होगी. इसमें राजधानी एक्सप्रेस में मथुरा प्रसाद महतो से दुर्व्यवहार के मामले में संबंधित TTE को उपस्थित होना है. वहीं, धनबाद के DC और बाघमारा के CO को जमीन अतिक्रमण के मामले में जवाब देना होगा. हीरोडीह थाना प्रभारी को भी विधायक मंजू कुमारी की शिकायत पर अपना पक्ष रखना होगा. अब समिति के सामने इन सभी के जवाब महत्वपूर्ण होंगे. इनके स्पष्टीकरण के आधार पर विशेषाधिकार समिति आगे की कार्रवाई तय करेगी.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
रिम्स जमीन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन, 7 अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

25 साल में 27,798 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी... 5,902 करोड़ की वसूली अटकी, 1,638 करोड़ का हिसाब नहीं
जसीडीह स्टेशन पर पार्किंग शुल्क विवाद पर लगा विराम, तीन और चार पहिया वाहनों की नई दरें जारी

स्वच्छता महाकुंभ में 14 स्कूलों के बीच होगी महामुकाबले की जंग, पांच चरणों की परीक्षा के बाद मिलेगा एक को ताज

झारखंड राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक संपन्न, CM हेमंत सोरेन ने वन्यजीव संरक्षण के साथ अभयारण्यों में रहने वाले लोगों के हितों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का दिया निर्देश

चक्रवाती तूफान 'अकवन' के संभावित प्रभाव को देखते हुए अलर्ट मोड में झारखंड सरकार, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को दिया स्पष्ट निर्देश, कहा- किसी भी परिस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं


