वोट चोरी के खिलाफ मधुपुर से दिल्ली कूच, फुरकान अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर कार्यकर्ताओं को किया रवाना
वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस के आंदोलन में शामिल होने के लिए मधुपुर से सैकड़ों कार्यकर्ता रवाना हुए. पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने मधुपुर स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर कार्यकर्ताओं को विदा किया. इस दौरान 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' के नारे भी लगाए गए.

Madhupur: वोट चोरी के आरोपों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस के आंदोलन में शामिल होने के लिए शुक्रवार को मधुपुर से सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए. पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने मधुपुर रेलवे स्टेशन पर हमसफर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर कार्यकर्ताओं को रवाना किया. ये कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित आंदोलन में हिस्सा लेंगे. इस दौरान स्टेशन परिसर में कांग्रेस समर्थकों ने 'फुरकान अंसारी जिंदाबाद' और 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' के नारे लगाए. राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में शामिल होने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने वोट के अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.
वोट के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: फुरकान अंसारी
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र जनता के अधिकारों, संविधान और आम नागरिक की आवाज की बुनियाद है. वोट का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और इसके साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है. उनके मुताबिक, यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार के सम्मान की है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. मधुपुर से रवाना हुआ जत्था लोकतंत्र बचाओ और संविधान बचाओ के नारों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ.

