प्रशिक्षक के उत्पीड़न से बेटी की मौत का आरोप, न्याय के लिए हर स्तर पर लड़ेंगे: मेयर
देवघर में होनहार धाविका की मौत के मामले में मेयर रवि कुमार राउत ने गहरा शोक जताया है. उन्होंने प्रशिक्षक पर कथित शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी और प्रशासनिक लड़ाई लड़ने का भरोसा दिया है.

Deoghar: देवघर नगर निगम क्षेत्र के जून पोखर की एक होनहार युवती की असामयिक मौत से शहर में शोक का माहौल है. झौंसागढ़ी स्थित कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षण ले रही युवती की मौत पर मेयर रवि कुमार राउत ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशिक्षक के कथित शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया. मेयर ने बताया कि दिवंगत युवती देवघर फिजिकल एकेडमी की प्रतिभाशाली धाविका थी. एकेडमी के संरक्षक के रूप में उन्होंने उसकी मेहनत, खेल के प्रति लगन और आगे बढ़ने के जज्बे को करीब से देखा था.
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का दिया भरोसा
मेयर रवि कुमार राउत ने बताया कि उन्होंने शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की है. उनके अनुसार, परिवार के पास कथित उत्पीड़न से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं. मेयर ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी और प्रशासनिक प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है. मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को कठोर सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय की लड़ाई में वह परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे. साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

