देवघर को मिली 1.45 करोड़ के अत्याधुनिक साइंस सेंटर की सौगात, गांव के बच्चे भी सीखेंगे रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक
देवघर के देवीपुर प्रखंड स्थित अमजो में 1.45 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर शुरू हुआ है. मंत्री हफीजुल हसन ने इसका उद्घाटन किया. यहां ग्रामीण बच्चों को रोबोटिक्स, ड्रोन, 3डी प्रिंटिंग, वीआर तकनीक और अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी प्रयोग के जरिए मिलेगी.

Deoghar: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में देवघर को बड़ी सौगात मिली है. देवीपुर प्रखंड के अमजो स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय भवन में 1 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया गया है. शुक्रवार को झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन विभाग के मंत्री हफीजुल हसन ने इसका उद्घाटन किया. ‘नवप्रवर्तन झारखंड’ मद के तहत विकसित इस सेंटर में बच्चों को विज्ञान की दुनिया से परिचित कराने के लिए कई आधुनिक उपकरण और तकनीकी मॉडल लगाए गए हैं. इसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना है.
बच्चों को मिलेगा आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर
उद्घाटन समारोह में मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि शिक्षा और आधुनिक तकनीक आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है. झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है. उन्होंने बच्चों से मोबाइल और सोशल मीडिया की आभासी दुनिया से दूरी बनाकर पढ़ाई तथा रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने की अपील की. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि जिला प्रशासन जिले के सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को साइंस सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण कराएगा. इससे बच्चों को वैज्ञानिक उपकरणों को देखने, प्रयोग करने और व्यावहारिक तरीके से सीखने का अवसर मिलेगा.
रोबोटिक डॉग, ड्रोन और तारामंडल होंगे आकर्षण
साइंस सेंटर को चार प्रमुख खंडों में बांटा गया है. इनमें एक्टिविटी हॉल, भारत की अंतरिक्ष विरासत, इंडियन साइंस एंड टेक्नोलॉजी और एंटरटेनमेंट गैलरी शामिल हैं. यहां 3डी प्रिंटर, राइटिंग रोबोट, रोबोटिक डॉग, इंडस्ट्रियल रोबोटिक आर्म, बायोनिक रोबोट हैंड, ड्रोन मॉडल और रोबोटिक्स किट उपलब्ध हैं. अंतरिक्ष विज्ञान के लिए टेलीस्कोप, मंगल रोवर प्रोटोटाइप और तारामंडल गुंबद भी बनाए गए हैं. इसके अलावा वीआर हेडसेट, ऑगमेंटेड रियलिटी ग्लासेस, 3डी होलोग्राम, माइक्रोस्कोपी स्टेशन और मानव शरीर के मॉडल बच्चों के आकर्षण का केंद्र होंगे. उद्घाटन में जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, डीडीसी पीयूष सिन्हा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

