चुनावी मोड में BJP! यूपी, उत्तराखंड समेत 5 राज्यों में सोशल मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति, जानें किसे मिली जिम्मेदारी?
विधानसभा चुनावों की तैयारी में BJP ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए सोशल मीडिया टीम गठित की है. पार्टी ने कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं. जानिए किस राज्य में किसे मिली कमान.

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए सोशल मीडिया टीमों का गठन किया है. इन नियुक्तियों से संबंधित आधिकारिक पत्र सोशल मीडिया के माध्यम से जारी किया गया है. बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के के हस्ताक्षर से जारी आदेश में सोशल मीडिया प्रभारियों और टीम के सदस्यों के नाम घोषित किए गए हैं. सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं. पार्टी ने डिजिटल प्रचार और सोशल मीडिया अभियान को मजबूत करने के लिए अलग-अलग राज्यों के नेताओं को इन पांच राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है. इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
उत्तर प्रदेश से पंजाब और गोवा तक किसे मिली कमान?
बीजेपी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में गुजरात के पंकज शुक्ला को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है. उनकी टीम में रोहित उपाध्याय, हिरेंद्र कौशिक, मितुल कोठारी, पुनीत अग्रवाल, मनीष पांडे और कावन मेहता को शामिल किया गया है. उत्तराखंड में गुजरात के मनन दानी को प्रभारी बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ के सोमेश पांडे को सदस्य की जिम्मेदारी मिली है. पंजाब में हिमाचल प्रदेश के चेतन ब्रागटा सोशल मीडिया टीम का नेतृत्व करेंगे. उनके साथ स्वयं बराल और राहुल अवस्थी को सदस्य बनाया गया है. गोवा में मुंबई के प्रतीक कापरे को प्रभारी और तेलंगाना के सुमिरन कोम्माराजू को सदस्य नियुक्त किया गया है. वहीं, मणिपुर में पश्चिम बंगाल के उपमन्यु भट्टाचार्य को प्रभारी और त्रिपुरा के अरिंदम देब को टीम में सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, युवा मोर्चा में भी हुई नियुक्तियां
बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन और प्रचार तंत्र को मजबूत करने में जुटी है. सोशल मीडिया टीमों के गठन के साथ पार्टी अलग-अलग राज्यों में कार्यकर्ताओं और नेताओं को नई जिम्मेदारियां दे रही है. इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा की मध्य प्रदेश इकाई में भी संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की गई है. प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने 19 जिलों में जिला अध्यक्षों और जिला महामंत्रियों की नियुक्ति का पत्र जारी किया है. जबलपुर नगर में रविंद्र तिवारी को अध्यक्ष और श्रीकांत वर्मा को महामंत्री बनाया गया है. इसके अलावा भिंड में अभिषेक मिश्रा, श्योपुर में ईश्वर जाट, सागर में जसवंत राठौर, निवाड़ी में संदेश नायक, मैहर में दिलीप पटेल, उमरिया में आशुतोष तिवारी, डिंडोरी में सत्यम मानिकपुरी, मंडला में उत्कर्ष यादव और बालाघाट में अमन गांधी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. इंदौर ग्रामीण, धार, नीमच, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, रायसेन, अनूपपुर और मंदसौर में भी जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं.

