झारखंड के डिजिटल विकास को मिलेगा बल, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में इंफोसिस से अहम बैठक
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से इंफोसिस ग्लोबल, कैलिफ़ोर्निया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास ने मुलाकात की.

दावोस/रांची: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से इंफोसिस ग्लोबल, कैलिफ़ोर्निया के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास ने मुलाकात की. इस दौरान झारखंड के दीर्घकालिक विकास विज़न, तकनीक आधारित प्रगति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई. बैठक को राज्य के तकनीकी और औद्योगिक भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इंफोसिस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के कार्यों और दूरदर्शी विज़न की सराहना की. विशेष रूप से राज्य में युवाओं के री-स्किलिंग, टेक्नोलॉजी टॉवर की परिकल्पना और खनन क्षेत्र में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर सरकार की पहल को महत्वपूर्ण बताया गया. बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि झारखंड के युवाओं को डिजिटल टेक्नोलॉजी और एआई से जुड़े आधुनिक कौशलों से सशक्त किया जाएगा, ताकि वे भविष्य की नौकरियों के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें.
इंफोसिस के विंग्सपैन प्लेटफॉर्म के माध्यम से कौशल विकास को गति देने और खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए एआई आधारित समाधानों को लागू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. इस दिशा में फरवरी महीने में एक वर्चुअल सत्र आयोजित करने पर सहमति बनी है, जिसमें तकनीकी प्रस्तुतियां और आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी.
इसके अलावा इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण भी दिया गया है. इस बैठक को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच से झारखंड में डिजिटल परिवर्तन, आईटी, एआई और कौशल विकास को नई दिशा देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है, जो युवा झारखंड के लिए भविष्य के अवसर खोलेगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment