जेनिफर बैरेटो ने जीता मिस यूनिवर्स का ताज, शादीशुदा और 7 साल की बेटी की मां हैं विनर
प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने Miss Universe 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. शादीशुदा और सात साल की बेटी की मां जेनिफर की शिक्षा, करियर और जीत की कहानी जानिए.

Miss Universe 2026 :- मिस यूनिवर्स 2026 की नई विजेता का ऐलान हो गया है. प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी प्रतियोगिताओं में से एक का खिताब अपने नाम कर लिया है. जेनिफर की जीत कई मायनों में खास है. वह शादीशुदा हैं और सात साल की बेटी की मां भी हैं. मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया है. उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि वह खूबसूरती के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक कार्य और प्रोफेशनल करियर में भी अपनी अलग पहचान रखती हैं.
प्यूर्टो रिको की रहने वाली हैं जेनिफर बैरेटो, जानिए कहां है यह जगह
जेनिफर बैरेटो अमेरिका के द्वीपीय क्षेत्र प्यूर्टो रिको का प्रतिनिधित्व कर रही थीं. प्यूर्टो रिको... कैरेबियन सागर और उत्तरी अटलांटिक महासागर के बीच बसा एक खूबसूरत द्वीपीय क्षेत्र है. इसकी राजधानी सैन जुआन है. लेकिन एक दिलचस्प तथ्य यह है कि प्यूर्टो रिको कोई स्वतंत्र देश नहीं, बल्कि अमेरिका का एक सेल्फ-गवर्निंग टेरिटरी यानी स्वशासित क्षेत्र है. इसकी आबादी करीब 31.85 लाख है और यह लगभग 9,104 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है. क्षेत्रफल के लिहाज से यह भारत के त्रिपुरा राज्य से भी छोटा है. त्रिपुरा का क्षेत्रफल करीब 10,486 वर्ग किलोमीटर है. हालांकि, आकार और आबादी में छोटा होने के बावजूद मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में प्यूर्टो रिको की अपनी अलग पहचान है. जेनिफर की जीत के साथ इस क्षेत्र ने छठी बार मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया है.
शादीशुदा और सात साल की बेटी की मां हैं जेनिफर
जेनिफर बैरेटो की जीत की सबसे खास बात उनकी पारिवारिक जिंदगी है. 27 साल की जेनिफर शादीशुदा हैं और उनकी सात साल की बेटी भी है. मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर उन्होंने यह साबित किया है कि शादी और मातृत्व किसी महिला के सपनों और महत्वाकांक्षाओं के रास्ते में बाधा नहीं बनते. दरअसल, मिस यूनिवर्स संगठन ने साल 2023 से प्रतियोगिता के नियमों में बदलाव किया था. इसके तहत शादीशुदा महिलाओं और मां बन चुकी महिलाओं को भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई. इससे पहले प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अविवाहित और निःसंतान होना जरूरी था. इस बदलाव के बाद जेनिफर ने खिताब जीतकर इतिहास रच दिया.
दो मास्टर डिग्री हासिल कर चुकी हैं जेनिफर
जेनिफर की पहचान सिर्फ एक ब्यूटी क्वीन के तौर पर नहीं है. उनका शैक्षणिक और पेशेवर करियर भी काफी प्रभावशाली है. उन्होंने साइकोलॉजी में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. इसके बाद साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हासिल की हैं. जेनिफर अमेरिकी सेना से जुड़े डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस में प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इस भूमिका में उनका काम घरेलू हिंसा, बाल उत्पीड़न और दूसरी सामाजिक समस्याओं की रोकथाम से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित रहा. वह सामाजिक समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए जागरूकता तथा रोकथाम की योजनाओं पर काम कर चुकी हैं.
फाइनल में पूछे गए सवाल का जेनिफर ने दिया ऐसा जवाब
मिस यूनिवर्स 2026 के फाइनल राउंड में प्रतियोगियों से पूछा गया कि आज दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा क्या चाहिए? इस सवाल के जवाब में जेनिफर ने कहा कि दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है जो कुशल होने के साथ संवेदनशील भी हों. ऐसे नेता जो सिर्फ फैसले न लें, बल्कि समुदाय की जरूरतों को समझें, लोगों की बात सुनें और उनकी जरूरतों के मुताबिक अपनी रणनीतियों में बदलाव करें. जेनिफर के मुताबिक, जब नेतृत्व करने वाले लोग समुदाय की जरूरतों को सुनते हैं और उसी हिसाब से काम करते हैं, तभी वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है. उनका यह जवाब फाइनल राउंड में चर्चा का विषय बना और उन्होंने अपनी सोच से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया.
डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा बनीं फर्स्ट रनरअप
मिस यूनिवर्स 2026 की प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनरअप रहीं. वहीं वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज को सेकेंड रनरअप घोषित किया गया. फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की थर्ड रनरअप और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन फोर्थ रनरअप रहीं. इस बार प्रतियोगिता की मेजबानी भी प्यूर्टो रिको ने की थी. ऐसे में अपने ही क्षेत्र में जेनिफर की जीत ने वहां के लोगों के लिए इस उपलब्धि को और खास बना दिया. प्यूर्टो रिको ने एक बार फिर दुनिया के सबसे बड़े ब्यूटी पेजेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है.
संबंधित ख़बरें
और ENTERTAINMENT ख़बरें
रिंकू सिंह की शादी में पहुंचेंगे KING शाहरुख खान? 4 दिसंबर को प्रिया सरोज संग लेंगे सात फेरे
₹19,934 करोड़ की मेगा योजना समेत मोदी कैबिनेट के 5 फैसले, देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी रफ्तार
काशी में देव दीपावली की दिव्य छटा, 21 लाख दीयों से जगमगाए घाट; 2100 ड्रोन से दिखे शिव तांडव

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का World Record, 28 गेंदों में सेंचुरी और 52 गेंदों में डबल सेंचुरी

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, 'पश्चिम बंग' होगा नया नाम; 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव

अयोध्या से जनकपुर पहुंची पहली सीधी ट्रेन, 20 घंटे में पूरा हुआ राम-जानकी का सफर; मोदी-बालेन ने दिखाई थी हरी झंडी


