₹19,934 करोड़ की मेगा योजना समेत मोदी कैबिनेट के 5 फैसले, देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी रफ्तार
मोदी कैबिनेट ने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और डाक सेवाओं से जुड़े 5 बड़े फैसलों को मंजूरी दी है. सरकार इन योजनाओं पर कुल ₹19,934 करोड़ खर्च करेगी. इसमें नया एयरपोर्ट, पोर्ट विस्तार और निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने जैसी योजनाएं शामिल हैं.

Modi Cabinet Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और डाक सेवाओं को मजबूत करने के लिए पांच बड़े फैसलों को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं पर सरकार कुल ₹19,934 करोड़ खर्च करेगी. फैसलों में असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने, तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास और निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना शामिल है. इसके अलावा डाकघरों के आधुनिकीकरण और डाक विभाग की इमारतों व कर्मचारियों के आवासों के नवीनीकरण पर भी निवेश किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य देश में रोजगार, व्यापार, कनेक्टिविटी और घरेलू विनिर्माण क्षमता को बढ़ावा देना है.
निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना मंजूर
केंद्रीय कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों (Construction & Infrastructure Equipment–CIE) के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है. यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ साल के लिए लागू होगी. सरकार का उद्देश्य आधुनिक मशीनों और निर्माण उपकरणों के उत्पादन में भारत की क्षमता बढ़ाना तथा आयात पर निर्भरता कम करना है. भारत का CIE उद्योग दुनिया के प्रमुख उद्योगों में शामिल है, लेकिन इस क्षेत्र की करीब 45 फीसदी जरूरतें अभी आयात से पूरी होती हैं. इस योजना के तहत टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन जैसे सात प्रमुख उपकरणों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इन मशीनों का इस्तेमाल सड़क, पुल, सुरंग और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में होता है. घरेलू उत्पादन बढ़ने से औद्योगिक निवेश, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल, ₹4,288 करोड़ का निवेश
तमिलनाडु स्थित कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दी है. इस परियोजना पर करीब ₹4,288 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत DBFOT यानी डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण के आधार पर विकसित किया जाएगा. प्रस्तावित टर्मिनल करीब 111 एकड़ क्षेत्र में बनेगा और इसकी सालाना क्षमता 20 लाख TEUs होगी. टर्मिनल का बर्थ 900 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा होगा. यहां 400 मीटर तक लंबे और 24,346 TEUs क्षमता वाले बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने की सुविधा होगी. परियोजना की रियायत अवधि 40 साल निर्धारित की गई है. इस विस्तार से बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता बढ़ेगी, समुद्री माल ढुलाई को मजबूती मिलेगी और भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, ₹2,014 करोड़ की मंजूरी
केंद्रीय कैबिनेट ने असम के सिलचर स्थित डोलू इलाके में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है. इस परियोजना पर ₹2,014 करोड़ खर्च होंगे और इसकी फंडिंग एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से करेगी. प्रस्तावित एयरपोर्ट व्यस्त समय में प्रति घंटे 800 यात्रियों को संभाल सकेगा, जिसमें 400 आगमन और 400 प्रस्थान करने वाले यात्रियों की क्षमता होगी. इसकी सालाना यात्री क्षमता करीब 10.1 लाख निर्धारित की गई है. वर्तमान में सिलचर एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के स्वामित्व वाली जगह पर संचालित होता है, जहां AAI सीमित क्षेत्र में सिविल एन्क्लेव चलाती है. जगह की कमी के कारण मौजूदा एयरपोर्ट का विस्तार संभव नहीं हो पा रहा है. नए एयरपोर्ट से बराक वैली और पूर्वोत्तर के आसपास के इलाकों की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए ₹1,141 करोड़ मंजूर, सेवाओं को बनाया जाएगा बेहतर
सरकार ने देशभर में डाक सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अगले पांच साल में ₹1,141 करोड़ खर्च करने की योजना को मंजूरी दी है. इस राशि का इस्तेमाल ग्रामीण और शहरी डाकघरों की सुविधाओं को बेहतर बनाने, मेल और पार्सल वितरण व्यवस्था मजबूत करने तथा डाक विभाग के नेटवर्क को आधुनिक बनाने में किया जाएगा. योजना के तहत लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और सरकारी योजनाओं की पहुंच दूरदराज के इलाकों तक सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा. डाक विभाग आज भी ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में बैंकिंग, पार्सल, सरकारी सेवाओं और नागरिक सुविधाओं की पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम है. आधुनिकीकरण के जरिए ग्राहकों को बेहतर सेवा, तेज डिलीवरी और अधिक सुविधाजनक व्यवस्था देने की कोशिश होगी. सरकार का मानना है कि मजबूत डाक नेटवर्क डिजिटल सेवाओं, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
डाक विभाग की इमारतों और कर्मचारियों के आवासों का होगा नवीनीकरण, ₹1,491 करोड़ खर्च
केंद्रीय कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को जारी रखने की मंजूरी दी है. इस योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्षों में ₹1,491 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इसका उद्देश्य डाक विभाग की इमारतों, कार्यालयों और कर्मचारियों के आवासों की स्थिति सुधारना है. योजना के अंतर्गत नए डाकघर बनाए जाएंगे, पुराने भवनों का नवीनीकरण होगा और देशभर के डाकघरों को एक समान आधुनिक ब्रांडिंग दी जाएगी. इसके अलावा कर्मचारियों के क्वार्टर की मरम्मत और ऐतिहासिक महत्व वाली डाक विभाग की इमारतों के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा. आधुनिक और बेहतर सुविधाओं वाले डाकघर पार्सल बुकिंग, लास्ट माइल डिलीवरी, वित्तीय समावेशन और सरकारी सेवाओं के वितरण में अहम भूमिका निभाएंगे. सरकार इस योजना को डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के विजन से जोड़कर देख रही है, जिससे डाक विभाग को आधुनिक सार्वजनिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके.
संबंधित ख़बरें
और NATIONAL ख़बरें
रिंकू सिंह की शादी में पहुंचेंगे KING शाहरुख खान? 4 दिसंबर को प्रिया सरोज संग लेंगे सात फेरे
काशी में देव दीपावली की दिव्य छटा, 21 लाख दीयों से जगमगाए घाट; 2100 ड्रोन से दिखे शिव तांडव
15 साल के वैभव सूर्यवंशी का World Record, 28 गेंदों में सेंचुरी और 52 गेंदों में डबल सेंचुरी

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, 'पश्चिम बंग' होगा नया नाम; 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव

अयोध्या से जनकपुर पहुंची पहली सीधी ट्रेन, 20 घंटे में पूरा हुआ राम-जानकी का सफर; मोदी-बालेन ने दिखाई थी हरी झंडी

पंजाब में फिर लौटा BJP-अकाली दल गठबंधन, सीएम पद पर भी बड़ा फैसला


