पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, 'पश्चिम बंग' होगा नया नाम; 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव
पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने की तैयारी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाने का ऐलान किया है. इसके साथ ही सरकार ने गो-संरक्षण और बूढ़ी गायों की देखभाल करने वाली संस्थाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना पर भी बात की है.

kolkata :- पश्चिम बंगाल की सियासत में अब राज्य के नाम को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राज्य का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने की तैयारी है. इसके लिए 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा. सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी दी. प्रस्ताव विधानसभा से पारित होने के बाद आगे की प्रक्रिया के लिए इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. राज्य का नाम बदलने की मांग बीजेपी की ओर से पहले भी उठाई जाती रही है. पार्टी नेताओं का तर्क रहा है कि पश्चिम बंगाल के नाम को राज्य के इतिहास और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की जरूरत है. अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है.
9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने के लिए 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा. इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी राज्य का नाम बदलने के लिए विधानसभा में बिल लाने की बात कह चुके हैं. बीजेपी नेताओं के मुताबिक, नाम बदलने के पीछे राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने का उद्देश्य है. हालांकि, किसी राज्य का नाम बदलने के लिए विधानसभा के प्रस्ताव के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी और संवैधानिक प्रक्रिया भी जरूरी होती है.
पश्चिम बंग नाम रखने के पीछे क्या है तर्क?
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग लंबे समय से उठती रही है. नाम के शुरुआती अक्षर 'W' के कारण अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम में राज्य का नाम कई आधिकारिक बैठकों और सूचियों में बाद में आता है. पहले भी राज्य का नाम बदलने को लेकर अलग-अलग प्रस्ताव सामने आ चुके हैं. अब 'पश्चिम बंग' नाम को राज्य की पहचान और इतिहास से जोड़कर पेश किया जा रहा है.
वाराणसी में बनेगा पश्चिम बंग भवन
मुख्यमंत्री ने वाराणसी में प्रस्तावित पश्चिम बंग भवन को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि इस भवन का उद्देश्य बंगाल की संस्कृति को बढ़ावा देना और राज्य से वाराणसी आने वाले पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराना है. इससे धार्मिक यात्रा पर आने वाले लोगों को मदद मिलने की उम्मीद है.
गोवंश की हत्या पर सख्ती की बात, बूढ़ी गायों के लिए अनुदान योजना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभेंदु अधिकारी ने गोवंश संरक्षण को लेकर भी अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि राज्य में गायों की अवैध कटाई नहीं होने दी जाएगी. मुख्यमंत्री के मुताबिक, चोरी-छिपे इस तरह की गतिविधियां अभी भी हो रही हैं और सरकार इनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है. उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने के बाद 1950 का Cattle Act लागू किया गया है और इस मामले में हाईकोर्ट का आदेश भी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्लॉटर हाउस अलग व्यवस्था है, लेकिन गायों की अवैध कटाई की अनुमति नहीं दी जाएगी.
बूढ़ी गायों के पालन के लिए मिलेगा एक लाख रुपये तक अनुदान
मुख्यमंत्री ने बताया कि बूढ़ी गायों के संरक्षण के लिए सरकार एक नई योजना लाने की तैयारी कर रही है. इसके तहत ऐसी गायों का पालन-पोषण करने वाली संस्थाओं को सरकार की ओर से एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा. हालांकि, योजना की विस्तृत गाइडलाइन और लागू होने की तारीख को लेकर अभी और जानकारी सामने आना बाकी है. राज्य के नाम में बदलाव का प्रस्ताव और गोवंश संरक्षण को लेकर की गई घोषणाएं शुभेंदु अधिकारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के प्रमुख मुद्दे रहे.
संबंधित ख़बरें
और POLITICS ख़बरेंअयोध्या से जनकपुर पहुंची पहली सीधी ट्रेन, 20 घंटे में पूरा हुआ राम-जानकी का सफर; मोदी-बालेन ने दिखाई थी हरी झंडी
पंजाब में फिर लौटा BJP-अकाली दल गठबंधन, सीएम पद पर भी बड़ा फैसला
मां के इलाज के लिए नहीं थे पैसे, KBC में जीते 1 करोड़, अब IAS बनना चाहते हैं भूषण

बिहार विधान परिषद में 8 नए सदस्यों की एंट्री, शपथ समारोह में सम्राट चौधरी-तेजस्वी और प्रशांत किशोर रहे मौजूद

IND vs NZ: वेलिंग्टन टेस्ट ड्रॉ, भारत की जीत का सपना टूटा! फिलिप्स-मिचेल ने 258 गेंदों तक किया मुकाबला

न्यूजीलैंड में भारत ने बनाया 96 साल का रिकॉर्ड, 720/9 रन के साथ टेस्ट इतिहास में दर्ज की बड़ी उपलब्धि


