IND vs ENG: बुमराह की वो 12 गेंदें, जिसने तय कर दी भारत की जीत
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 499 रन बनाए.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 499 रन बनाए. आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली. अब 8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा.
जहां टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच एकतरफा रहा था, वहीं भारत और इंग्लैंड के मैच ने दर्शकों की सांसें आखिरी गेंद तक थामे रखीं. इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह साबित हुए, जिन्होंने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी कर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया.
दरअसल मैच का असली टर्निंग प्वाइंट बुमराह की वो 12 गेंदें रहीं, जिनमें उन्होंने सिर्फ 14 रन दिए. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी इस दौरान शानदार रणनीति अपनाई. आमतौर पर बुमराह टी20 में 17वां और 19वां या 18वां और 20वां ओवर डालते हैं, लेकिन इस मैच में सूर्या ने उनसे 16वां और 18वां ओवर डलवाया. इस फैसले ने इंग्लैंड की रन गति पर ब्रेक लगा दिया और अंत के ओवरों के लिए ज्यादा रन बच गए.
बुमराह ने 16वें ओवर में सिर्फ 8 रन दिए, जबकि 18वें ओवर में उन्होंने महज 6 रन ही खर्च किए. इस दौरान उन्होंने सिर्फ एक बाउंड्री दी और लगातार सटीक यॉर्कर गेंदें डालकर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को बांधे रखा. उस समय इंग्लैंड को आखिरी तीन ओवर में 45 रन चाहिए थे, लेकिन बुमराह के ओवर के बाद लक्ष्य और मुश्किल हो गया. इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल उस समय नब्बे के करीब खेल रहे थे और 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन बुमराह की सटीक गेंदबाजी के सामने उनके पास भी ज्यादा जवाब नहीं था. इसी कसी हुई गेंदबाजी की वजह से भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी.
इस सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से कुल 12 गेंदबाजों ने गेंदबाजी की, लेकिन इनमें सिर्फ एक ही गेंदबाज की इकोनॉमी 9 से कम रही और वह जसप्रीत बुमराह थे. बुमराह ने अपने 4 ओवर में 33 रन देकर हैरी ब्रूक का अहम विकेट भी लिया. पूरे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी बुमराह शानदार फॉर्म में नजर आए हैं. उन्होंने अब तक 7 मैचों में 10 विकेट लिए हैं और उनकी इकोनॉमी सिर्फ 6.62 रही है. वहीं अपने टी20 विश्व कप करियर के 25 मैचों में बुमराह 36 विकेट ले चुके हैं और उनकी इकोनॉमी मात्र 5.75 की है, जो उनकी किफायती और प्रभावी गेंदबाजी को दर्शाती है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment